मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी का होगा विस्तार, लगभग 250 हेक्टेयर होगा सफारी का क्षेत्र

मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी का होगा विस्तार, लगभग 250 हेक्टेयर होगा सफारी का क्षेत्र

विंध्य वन और साउथ अफ्रीकन सफारी की बनेगी नई योजना
उप मुख्यमंत्री ने मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी विस्तार योजना की समीक्षा की
रीवा 06 नवम्बर 2026. उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने मुकुंदपुर स्थित महाराजा मार्तण्ड सिंह जू देव
व्हाइट टाइगर सफारी का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने सफारी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और इसके
आगामी विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण योजना की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुकुंदपुर की यह व्हाइट टाइगर
सफारी अब देश और प्रदेश में काफी प्रसिद्ध हो चुकी है। वन्यजीव प्रेमियों, वन विभाग के अधिकारियों और पर्यटकों के
बीच इसे एक विशिष्ट स्थान प्राप्त है। नेचुरल जंगल के बीच बनी यह टाइगर सफारी अपने आप में बेहद अनोखी है, जहाँ
जानवरों को प्रसन्नता से विचरण करते देखना मन को प्रसन्न करता है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में यह व्हाइट टाइगर सफारी लगभग 120 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली हुई
है, जिसमें लगभग 119 हेक्टेयर का अतिरिक्त क्षेत्रफल और जोड़ने की योजना है। इसके पश्चात इसका कुल क्षेत्रफल
बढ़कर लगभग 250 हेक्टेयर हो जाएगा। विस्तार योजना के तहत 25 हेक्टेयर में व्हाइट टाइगर सफारी और शेष भाग में
चिड़ियाघर शामिल रहेगा। नए विस्तार क्षेत्र में 36 हेक्टेयर भूमि पर विंध्य वन सफारी बनाई जाएगी। इसके अलावा 30
हेक्टेयर क्षेत्र में साउथ अफ्रीकन सफारी का निर्माण किया जाएगा। बचे हुए क्षेत्रफल में जिराफ, जेब्रा और अन्य शाकाहारी
वन्यजीवों को स्वतंत्र रूप से जंगल में छोड़ा जाएगा। पर्यटकों को गाड़ी से गुजरते समय इन जानवरों के सड़क पार करने
जैसे मनमोहक दृश्य देखने को मिलेंगे, जो बिल्कुल नेशनल पार्क जैसा अहसास कराएंगे।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि इस संपूर्ण विस्तार योजना की समीक्षा कर ली गई है। सरकार की यह
कोशिश है कि इस योजना को जल्द से जल्द मंजूरी मिले और तेजी से काम शुरू किया जाए, ताकि पर्यटकों को यहाँ एक
नया और भव्य अनुभव प्राप्त हो सके। भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने सफारी परिसर में स्थित बंगाल टाइगर, सफेद
बाघ, लेपर्ड (तेंदुआ), बटरफ्लाई पार्क तथा रेप्टाइल हाउस सहित विभिन्न बाड़ों का अवलोकन किया और अधिकारियों को
रखरखाव व व्यवस्थाओं से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर डीएफओ विद्याभूषण मिश्रा, सीसीएफ
अनुराग कुमार, एसडीओ रामेश्वर टेकाम, एसडीओ दीपांकर, प्रदीप गौतम सुमन सहित रेंजर्स, पशु चिकित्सक एवं अन्य
अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *