हर घर तिरंगा अभियान के तहत संगीत संध्या का आयोजन संपन्न

संगीत संध्या में गूंजे राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के तराने
हर घर तिरंगा अभियान के तहत संगीत संध्या का आयोजन संपन्न
रीवा 13 अगस्त 2025. हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान के तहत संगीत संध्या का आयोजन किया गया। संगीत संध्या में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के तराने गूंज उठे। जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम के सौजन्य से माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में देश प्रेम से ओतप्रोत देश भक्ति गीतों की प्रस्तुतियाँ दी गर्इं। राष्ट्रप्रेम व ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर सुमधुर धुनों में गायकों ने देशभक्ति के गीत प्रस्तुत किए। इस अवसर पर सांसद श्री जनार्दन मिश्र, अध्यक्ष नगर निगम श्री व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह, आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, विवेक दुबे, सतीश सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि हमारा देश हर क्षेत्र में उन्नति कर रहा है। देशवासियों में देशप्रेम का जज्बा है और हमारे वीर सैनिक किसी भी परिस्थिति में हमेशा सजग व सतर्क रहते हैं। सांसद ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि गांधी जी के स्वदेशी और स्वच्छता के महत्व का भूलने नहीं दिया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री जी ने झण्डा संहिता में संशोधन कर हर नागरिक को सालभर अपने घर में तिरंगा फहराने का अधिकार दिया है। स्वच्छता के बिना तिरंगे की शान नहीं है। पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि अधिकार के साथ अपने कर्तव्य का निष्ठापूर्वक निर्वहन कर देश को उच्च शिखर पर ले जाने में सहभागी बनें। उन्होंने स्वच्छ शहर के रूप में रीवा के बेहतर प्रदर्शन की प्रशंसा की तथा सभी से इसे आगे बढ़ाने का आहवान किया।
संगीत संध्या में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, नगर निगम को पांचवी रैंक दिलाने वाले सफाई मित्रों तथा महिला स्वसहायता समूह के सदस्यों का प्रशस्ति पत्र, राष्ट्रीय ध्वज एवं तुलसी का पौधा देकर सम्मान किया गया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभिन्न विद्यालयों में आयोजित ड्राइंग प्रतियोगिता में प्रतिभागी सेंट्रल एकेडमी, बिलाबांग, त्रिपुरा शंकर एवं सरस्वती शिशु मंदिर जेलमार्ग विद्यालयों को पुरस्कृत किया गया। स्वसहायता समूहों द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने पर अर्पण आजीविका स्वसहायता समूह, उत्पीड़न निवारण महिला स्वसहायता समूह एवं उन्नति आजीविका महिला स्वसहायता समूह को भी पुरस्कार दिए गए। नगर निगम को स्वच्छता में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने तथा बाढ़ में सेवाभाव से कार्य करने वाले जोन क्रमांक एक, दो, तीन व चार के स्वच्छता दूतों को भी इस दौरान पुरस्कृत किया गया। देर शाम तक चले कार्यक्रम में अरविंद ग्रुप एवं शिवांगी मिश्रा द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति के गीतों ने लोगों में जोश भर दिया। इस अवसर पर अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में स्थानीयजन उपस्थित रहे।