अंकुर अभियान : संभाग में आज महाअभियान में लगाए जाएंगे दो लाख से अधिक पौधे

रीवा 09 अगस्त 2022. संभाग के सभी जिलों में अंकुर अभियान के तहत पौधारोपण लगातार किया जा रहा है। पौधारोपण का महाअभियान 10 अगस्त को अपरान्ह 2 बजे से आयोजित किया गया है। रीवा संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी ने कहा है कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिए जन सहयोग से पौधारोपण का महाअभियान आयोजित करें। संभाग के सभी नगरीय व ग्रामीण निकायों में अपरान्ह 2 बजे एक साथ पौधरोपण कर अंकुर महाअभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा है कि पौधारोपण को जन आंदोलन बनाकर ही अंकुर अभियान के लक्ष्य पूरे होंगे। पौधारोपण महाअभियान के लिए सभी ग्राम पंचायतों में तथा नगरीय निकाय के प्रत्येक वार्ड में कम से कम 75 पौधे रोपित किए जाएंगे। इसके लिए उपयुक्त स्थान पर गड्ढे तैयार करा लिए गए हैं। वन विभाग तथा उद्यानिकी विभाग के सहयोग से रोपण के लिए पौधों की व्यवस्था कर ली गई है। संभाग में पर्याप्त संख्या में पौधे उपलब्ध हैं। पंचायतराज संस्थाओं तथा नगरीय निकायों के सभी नव निर्वाचित पदाधिकारी भी कम से कम एक पौधा अवश्य रोपित करेंगे। पौधारोपण महाअभियान के तहत संभाग में दो लाख से अधिक पौधे रोपे जाएंगे।

आयुक्त नगर निगम शहर में उपयुक्त स्थल का चयन कर वहाँ सामूहिक रूप से पौधारोपण कराएंगे। अभियान में सांसदगण, विधायकगणों तथा अन्य चुने हुए जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी होगी। अभियान को सफल बनाने के लिए सभी वर्गों और समुदायों से पौधारोपण करने की अपील की गई है। अभियान में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थाओं, व्यापारी वर्ग, औद्योगिक संस्थानों तथा आमजनता का सहयोग प्राप्त करने की अपील की गई है। वन समितियों के माध्यम से सामूहिक रूप से पौधारोपण का कार्य किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी स्कूल परिसरों में विद्यार्थियों से पौधारोपण कराएंगे। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता महिलाओं से पौधारोपण कराकर सहयोग प्राप्त करेंगी। इसी तरह अन्य विभाग भी अभियान में अपनी पूरी भागीदारी निभाएंगे। अंकुर अभियान के तहत पौधारोपण के कार्यक्रमों को हर घर तिरंगा अभियान का संदेश देने के लिए भी उपयोग किया जाएगा।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *