मध्यप्रदेश नागर विमानन नीति-2025 में संशोधन से नवीन हवाई मार्गों को मिलेगा प्रोत्साहन

मध्यप्रदेश नागर विमानन नीति-2025 में संशोधन से नवीन हवाई मार्गों को मिलेगा प्रोत्साहन
रीवा एयरपोर्ट को नीति अनुरूप सहयोग के निर्देश
रीवा 19 नवम्बर 2026. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में मंत्रि-परिषद द्वारा
मध्यप्रदेश नागर विमानन नीति-2025 में संशोधन की स्वीकृति के परिप्रेक्ष्य में रीवा एयरपोर्ट के कार्यों एवं हवाई
सेवाओं के विस्तार की समीक्षा की। उन्होंने रीवा एयरपोर्ट को नीति के प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक सहयोग
उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि विंध्य क्षेत्र में हवाई संपर्क की बढ़ती
आवश्यकता और यात्रियों की संख्या में निरंतर वृद्धि को देखते हुए रीवा एयरपोर्ट की हवाई सेवाओं को सुदृढ़ करना
आवश्यक है। एयरपोर्ट की क्षमता एवं सुविधाओं का विस्तार कर हवाई सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित करने
और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के प्रयास किए जाएं। मंत्रि-परिषद द्वारा स्वीकृत संशोधन के अनुसार
नवीन घरेलू हवाई मार्गों पर वीजीएफ सहायता की अवधि एक वर्ष से बढ़ाकर चार वर्ष तथा अंतर्राष्ट्रीय मार्गों पर
एक वर्ष से बढ़ाकर दो वर्ष की गई है। पूर्व से संचालित हवाई सेवाओं के लिए दूसरे वर्ष में प्रथम वर्ष की वीजीएफ
सहायता राशि का 75 प्रतिशत प्रदान करने का प्रावधान भी किया गया है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि
नीति में संशोधन से नवीन हवाई मार्गों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा प्रदेश में हवाई संपर्क का विस्तार होगा। रीवा
सहित विंध्य क्षेत्र में हवाई सेवाओं के विकास से पर्यटन, व्यापार, निवेश एवं क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी। बैठक
में अपर मुख्य सचिव विमानन श्री संजय कुमार शुक्ल, अपर मुख्य सचिव वित्त श्री मनीष रस्तोगी एवं आयुक्त
विमानन श्री चंद्रमौली शुक्ल उपस्थित थे।
रीवा रिवर फ्रंट के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की उप मुख्यमंत्री ने की समीक्षा

रीवा 19 नवम्बर 2026. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में रीवा रिवर फ्रंट के विकास
एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में रीवा को रिवर फ्रंट टाउन
श्रेणी में देश में प्रथम स्थान प्राप्त होना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। रिवर फ्रंट के शेष कार्यों को पूर्ण कर
इसकी उपयोगिता एवं सौंदर्यीकरण को व्यापक स्वरूप दिया जाए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने जनहित, नदी की
स्वच्छता एवं शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्यवाही एवं विभागीय समन्वय सुनिश्चित
करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना का प्राक्कलन एवं डीपीआर तैयार कर कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा सके। रीवा
रिवर फ्रंट के बांये तट पर लगभग 1.6 किलोमीटर क्षेत्र में विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य के संबंध में चर्चा की गई।
बैठक में मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास निगम के अध्यक्ष श्री ओम जैन एवं आयुक्त श्री गौतम
सिंह उपस्थित रहे।
छुईहा घाटी टनल का डीपीआर शीघ्र तैयार कर सक्षम अनुमोदन के लिए भेजें – उप मुख्यमंत्री

रीवा 19 नवम्बर 2026. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय भोपाल में मध्यप्रदेश सड़क
विकास निगम (एमपीआरडीसी) के रीवा में संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने क्षेत्र में
सड़क एवं अधोसंरचना विकास कार्यों को गति देने, निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने और नागरिकों को बेहतर
आवागमन सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने छुईहा घाटी टनल के निर्माण के
लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) शीघ्र तैयार कर सक्षम अनुमोदन के लिए भेजने के निर्देश दिए। बैठक
में एमपीआरडीसी के एमडी श्री सिबी चक्रवर्ती सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।