कमिश्नर ने रीवा शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के दिए सख्त निर्देश

कमिश्नर ने रीवा शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के दिए सख्त निर्देश
कमिश्नर ने दिए सड़कों की तत्काल मरम्मत और अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश
रीवा 12 नवंबर 2026. कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में रीवा संभाग के कमिश्नर
शीलेन्द्र सिंह ने रीवा शहर की यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में शहर के ट्रैफिक की प्रमुख
समस्याओं, वर्तमान में किए जा रहे सुधारात्मक प्रयासों और व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्राप्त विभिन्न
सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। कमिश्नर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शहर की यातायात व्यवस्था में
सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कमिश्नर ने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया कि वे संसाधन बढ़ाकर क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र
मरम्मत करें। विशेष रूप से रेलवे ओवर ब्रिज, सिरमौर चौराहा ब्रिज और समान मार्ग सहित अन्य प्रमुख मार्गों
की मरम्मत सुरक्षा मानकों के साथ तत्काल पूरी की जाए। कमिश्नर ने कहा कि बाईपास पर चल रहे मरम्मत
कार्य के कारण शहर के भीतर भारी व बाहरी वाहनों के प्रवेश से यातायात का दबाव बढ़ा है, जिसे नियंत्रित
करने के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कमिश्नर ने कहा कि जय स्तंभ, अस्पताल चौक, प्रकाश चौक
के पीछे और साईं मंदिर सहित अन्य व्यस्त स्थलों पर पार्किंग स्थल चिन्हित कर सुविधा विकसित की जाए।
अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों को क्रेन के माध्यम से उठाने की कार्रवाई की जाए और अतिक्रमण पर सख्ती
से अंकुश लगाया जाए।
कमिश्नर ने निर्देश दिए कि पुलिस प्रशासन, एसडीएम और नगर निगम की संयुक्त टीम मौके पर जाकर
यातायात व पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करे। यातायात कर्मी शहर में 'एक्टिव मोड' पर रहकर ड्यूटी करें।
आरटीओ अधिकारी यात्री बसों को व्यवस्थित खड़ा करवाना सुनिश्चित करें, ऑटो रिक्शा का संचालन रेगुलेट करें
और इनके लिए पार्किंग स्थल चयनित करें। इसके अतिरिक्त स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों और बैटरी चालित
वाहनों के व्यवस्थित संचालन पर भी निर्देश दिए गए।
बैठक में उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन हेमंत सिंह चौहान ने सुझाव दिया कि यातायात व्यवस्था को सुदृढ़
करने के लिए नगर सुरक्षा समिति और वॉलंटियर्स का सहयोग लेकर ट्रैफिक को रेगुलेट किया जाए।
वहीं, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने वॉलंटियर्स तैयार कर उन्हें प्रशिक्षण देने तथा विशेष जैकेट व आई-कार्ड के
साथ यातायात प्रबंधन में लगाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम माइक के माध्यम से
अतिक्रमण हटाने और कार्रवाई की मुनादी कराए तथा शहर के किसी एक मार्ग को आदर्श मार्ग के रूप में
विकसित कर इस अभियान की शुरुआत की जाए। समीक्षा बैठक में एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा, भावना मरावी
सहित नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, आरटीओ और यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *