रीवा रिवर फ्रंट को देश में प्रथम स्थान: उप मुख्यमंत्री का विभिन्न संगठनों ने किया अभिनंदन और आभार व्यक्त

रीवा रिवर फ्रंट को देश में प्रथम स्थान: उप मुख्यमंत्री का विभिन्न संगठनों ने किया अभिनंदन और
आभार व्यक्त
रीवा 12 नवंबर 2026. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के परिणामों में रीवा के रिवर फ्रंट ने देश में प्रथम
स्थान प्राप्त कर पूरे विंध्य क्षेत्र और मध्यप्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। इस ऐतिहासिक
उपलब्धि के बाद सर्किट हाउस (राजनिवास) रीवा में विभिन्न सामाजिक संगठनों और नगर निगम भाजपा
पार्षद दल द्वारा उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल का विशेष सम्मान एवं आभार कार्यक्रम आयोजित किया गया।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के परिणाम बुधवार को घोषित किए गए थे। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में
आयोजित राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा विजेता निकायों को सम्मानित
किया गया। रीवा की ओर से राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किया। इस गरिमामयी
अवसर पर पूर्व नगर निगम आयुक्त श्री सौरभ सोनवणे और नगर निगम आयुक्त श्री अक्षत जैन भी उपस्थित
रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा 2 अक्टूबर 2014 को शुरू किए गए
‘स्वच्छ भारत मिशन’ की प्रेरणा से रीवा में साबरमती नदी की तर्ज पर बीहर नदी के किनारे राष्ट्रीय स्तर का
रिवर फ्रंट विकसित हुआ है।
उप मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा, “एक सपना जो देखा गया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
जी द्वारा साबरमती नदी के किनारे बनाए गए रिवर फ्रंट की तर्ज पर ही बीहर नदी के किनारे भी रिवर फ्रंट
बनाया जाए। आज वह सपना साकार है और देश का सबसे स्वच्छ रिवर फ्रंट रीवा में है। अभी बीहर के एक
तरफ रिवर फ्रंट बनने पर यह उपलब्धि मिली है, और जब दूसरी तरफ भी यह कार्य पूरा हो जाएगा, तो यह
विश्व का सबसे बेहतरीन रिवर फ्रंट बनेगा।” उन्होंने नागरिकों की स्वच्छता के प्रति निष्ठा, सफाई कर्मियों के
परिश्रम और अधिकारियों की कर्तव्यनिष्ठा को इस सफलता का मुख्य आधार बताया।
इस अभिनंदन समारोह में सिंधु समाज, वैश्य महासम्मेलन, लायंस क्लब, अग्रवाल समाज, जैन समाज, सिख
समाज, लक्ष्मणबाग गौशाला समिति, ताम्रकार समाज, लघु उद्योग भारती, सुदिश फाउंडेशन, नगर विजयदशमी
उत्सव समिति, रामदरबार समिति, खुशी फाउंडेशन, फल सब्जी विक्रेता संघ, सर्राफ मंडल, माता का दरबार, कायस्थ
समाज, दीप कॉम्प्लेक्स एसोसिएशन, गल्ला व्यापारी संघ, विद्या देवी सेवा संकल्प, मानस मंडल, अखिल भारतीय
ब्राह्मण समाज, विंध्य व्यापारी महासंघ और नगर निगम भाजपा पार्षद दल के प्रतिनिधि शामिल रहे।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता और नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय विशेष रूप से
उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष श्री गुप्ता ने रीवा में बाणसागर डैम, व्हाइट टाइगर सफारी, सोलर पावर प्लांट, रानी
तालाब का विकास, रिंग रोड और राष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे जैसे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए इसका पूरा
श्रेय उप मुख्यमंत्री के विजनरी नेतृत्व को दिया।
रीवा शहर में सड़क, पेयजल, सीवरेज, यातायात और शहरी अधोसंरचना के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य तेजी से
आगे बढ़ रहे हैं। जिसमें लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से कमिश्नर बंगले से ढेकहा तिराहे तक प्रस्तावित
फ्लाईओवर और 99.86 करोड़ की पेयजल योजना, अमृत-2.0 योजना के अंतर्गत 162 करोड़ रुपये की परियोजना,
12 नई पानी की टंकियों का निर्माण और 9 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट आदि बड़ी परियोजनाएं
शामिल हैं। इसी प्रकार जिला अस्पताल के पीछे से प्रधानमंत्री आवास तक 7 किमी सड़क निर्माण (लागत 8.36
करोड़ रुपये), पुलिस लाइन चौक से गुढ़ चौराहे तक सीसी रोड व नाली निर्माण, तथा लक्ष्मणबाग से कुठुलिया
मार्ग पर बिछिया नदी में पुल निर्माण के कार्य भी होने हैं। रीवा के चहुंमुखी विकास और स्वच्छता के इस
अनूठे कीर्तिमान से स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह है और सभी ने उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल के प्रति अपनी
कृतज्ञता व्यक्त की है।