श्रम ही सृजन है, और सृजन ही जीवन का सच्चा उत्सव है।

अस्पताल चौराहा में हजारों श्रमिकों की उपस्थिति | द्वादश ज्योतिर्लिंग दर्शन, राजयोग संदेश और नशा मुक्ति का जनजागरण
 रीवा।
अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ रीवा द्वारा अस्पताल चौराहा के प्रांगण में एक भव्य एवं भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रमिक भाई-बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। यह आयोजन श्रम सम्मान, आध्यात्मिक जागरण और सामाजिक परिवर्तन का प्रेरणादायक संगम बन गया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सभापति नगर निगम श्री सतीश सोनी उपस्थित रहे तथा अध्यक्षता श्रीमती पूजा प्रमोद सिंह ने की। इस अवसर पर श्रमिकों के परिश्रम, उनकी अद्भुत क्षमता, सहनशीलता और राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को भावपूर्ण शब्दों में सराहा गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिक भाई-बहनों का सम्मान कर उनके आत्मसम्मान को बढ़ाया गया। साथ ही ब्रह्माकुमारी परिवार द्वारा सभी को लक्ष्मी-नारायण का दिव्य कार्ड, शिव संदेश, राजयोग मेडिटेशन का परिचय एवं चरित्र निर्माण प्रदर्शनी के माध्यम से आध्यात्मिक जीवन मूल्यों का संदेश प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड क्रमांक 21 के पार्षद श्री संजय खान उपस्थित रहे एवं अध्यक्षता ब्रह्माकुमारीज़ रीवा की संचालिका बीके लता दीदी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अवधेश श्रीवास्तव एवं श्री अंकू तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही, वहीं राजनीतिक प्रभाग के जोनल कोऑर्डिनेटर बीके प्रकाश भाई भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस सत्र में आध्यात्मिक दृष्टिकोण से श्रमिक जीवन की महत्ता को उजागर करते हुए सभी को मानव से देवतुल्य जीवन चरित्र निर्माण का संकल्प दिलाया गया। साथ ही नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करते हुए यह संकल्प भी दिलाया गया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज को भी इस बुराई से मुक्त करने में अपना योगदान देंगे।
कार्यक्रम की सबसे विशेष आकर्षण रही भगवान भोलेनाथ शिव बाबा के द्वादश ज्योतिर्लिंग की दिव्य झांकी, जिसके दर्शन कर उपस्थित हजारों श्रमिक भाई-बहन भावविभोर हो उठे और आत्मिक शांति का अनुभव किया। सभी ने शिव बाबा से आत्मिक मिलन का आनंद मनाया, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।
कार्यक्रम के अंत में सभी को प्रेमपूर्वक मीठी-मीठी टोली (प्रसाद) वितरित की गई, जिससे वातावरण में आत्मीयता, प्रेम और भाईचारे की भावना और प्रगाढ़ हो गई। यह संपूर्ण कार्यक्रम भोपाल जोन डायरेक्टर राजयोगिनी बीके निर्मला बहन जी के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें बीके विजयदेव, बीके सतेन्द्र बीके सुशील, बीके जगदीश, बीके सुरेन्द्र,  बीके रोहित,बीके रुद्र एवं बीके सुभाष सहित अनेक बीके भाई-बहनों की सक्रिय एवं प्रेरणादायक उपस्थिति रही।
यह आयोजन केवल मजदूर दिवस का उत्सव नहीं, बल्कि श्रमिकों के सम्मान, उनके आत्मबल को जागृत करने और आध्यात्मिक रूप से उन्नत जीवन की ओर प्रेरित करने का एक दिव्य प्रयास बन गया।
 “श्रम ही सृजन है, और सृजन ही जीवन का सच्चा उत्सव है।”
Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *