सीएम हेल्पलाइन में सौ दिन से अधिक की सभी शिकायतें निराकृत करें – कलेक्टर

सीएम हेल्पलाइन में सौ दिन से अधिक की सभी शिकायतें निराकृत करें – कलेक्टर
आकांक्षी विकासखण्डों के निर्धारित बिन्दुओं की जानकारी पोर्टल में अपडेट करें – कलेक्टर
रीवा 02 नवम्बर 2026. कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने
कहा कि सभी अधिकारी सौ दिन से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण करें।
संतुष्टिपूर्वक आवेदन निराकृत करके विभाग की रैंकिंग में सुधार करें। कार्यालय प्रमुख स्वयं आवेदकों से प्रकरण के संबंध
में चर्चा करें। राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, खाद्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग,
ऊर्जा विभाग, पीएचई, नगरीय निकाय तथा स्वास्थ्य विभाग सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों पर विशेष ध्यान दें।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में दो विकासखण्ड आकांक्षी योजना में शामिल हैं। इन विकासखण्डों में
शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि विकास तथा
जनजातीय कार्य विभाग के निर्धारित बिन्दुओं पर तत्परता से कार्यवाही करें। निर्धारित सूचकांकों की जानकारी पोर्टल पर
तत्काल अपडेट कराएं। आकांक्षी विकासखण्डों के कार्यों की हर 15 दिन में समीक्षा की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि कृषि
उत्पादन आयुक्त की चार नवम्बर को प्रस्तावित बैठक के एजेण्डा बिन्दुओं की विभागवार जानकारी आज ही प्रस्तुत कर
दें। उप संचालक कृषि गत बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। जिले भर में जागरूकता अभियान
चलाकर किसानों को नरवाई न जलाने के लिए प्रेरित करें। नरवाई प्रबंधन के लिए सुपर सीडर तथा अन्य कृषि उपकरणों
के उपयोग के लिए किसानों को उचित सलाह दें। साथ ही नरवाई जलाने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई भी करें।
कलेक्टर ने कहा कि सभी एसडीएम विभागों की खण्ड स्तर पर बैठक करके योजनाओं के क्रियान्वयन
की समीक्षा करें। सभी एसडीएम और तहसीलदार खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ होटल तथा दुकानों में बिक्री हो रही
मिठाईयों और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जाँच कराएं। अस्वच्छ वातावरण में खाद्य पदार्थ तैयार करने तथा
मिलावट करने पर कड़ी कार्रवाई करें। इसका समुचित प्रचार-प्रसार भी कराएं। सभी विकासखण्डों में धनतेरस को विशेष
कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। एसडीएम तथा जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी इनकी समुचित तैयारी कराएं।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय सेवकों के पेंशन प्रकरण समय पर
ऑनलाइन दर्ज करा दें। पेंशन अधिकारी प्रकरणों के निराकरण की हर सप्ताह रिपोर्ट प्रस्तुत करें। पेंशन प्रकरणों में किसी
भी तरह की कमी होने पर संबंधित कार्यालय प्रमुख के माध्यम से उसे दूर कराएं। पेंशन प्रकरणों का समय पर निराकरण
करें। विभिन्न विभागों द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य 30 नवम्बर तक पूरे किए जाने हैं।
शेष प्रकरणों का बैंकों के माध्यम से स्वीकृत कराकर ऋण और अनुदान का वितरण कराएं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी
जिला पंचायत विभागवार समीक्षा करके प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। एसडीएम हुजूर जनजातीय कार्य विभाग द्वारा स्वीकृत
पाँच छात्रावासों के निर्माण तथा नवीन जेल भवन निर्माण के लिए जमीन चिन्हित करके आवंटित कराएं।
बैठक में कलेक्टर ने भू अर्जन के प्रकरणों के निराकरण, प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना, गर्भवती
महिलाओं के पंजीयन तथा कोर्ट की अवमानना प्रकरणों के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में वन
मण्डलाधिकारी लोकेश निरापुरे, आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सृष्टि
देशमुख गौड़ा, अपर कलेक्टर सुधीर बेक, एसडीएम हुजूर जितेन्द्र तिवारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।