बिना सर्जरी रोगी के हार्ट में लगाया गया एएसडी डिवाइस क्लोजर

बिना सर्जरी रोगी के हार्ट में लगाया गया एएसडी डिवाइस क्लोजर
सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल में आधुनिक तकनीक से हुआ हृदय का उपचार
रीवा 10 अगस्त 2026. सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल रीवा जटिल आपरेशन और उपचार में लगातार सफलताएं प्राप्त कर रहा है। इसके कॉर्डियोलॉजी विभाग में गुढ़ के जन्मजात हृदय रोगी को हृदय में बड़ी सर्जरी के बिना एएसडी डिवाइस क्लोजर लगाकर हृदय का छेद बंद किया गया। इस जटिल आपरेशन को डॉ. एसके त्रिपाठी तथा उनकी टीम ने सफल बनाया। इस संबंध में सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल के अधीक्षक डॉ. अक्षय श्रीवास्तव ने बताया कि रोगी को सीने में दर्द और सांस फूलने की शिकायत थी। जाँच करने पर उनके हृदय के ऊपरी कक्ष में 40 मिलीमीटर का बड़ा छेद पाया गया। डॉ. एसके त्रिपाठी ने इंटरवेंशनल कॉर्डियोलॉजी की आधुनिक तकनीक से बिना ओपेन हार्ट सर्जरी के हृदय के छेद को डिवाइस की सहायता से बंद किया। यह अत्यंत जटिल प्रक्रिया थी। आपरेशन के बाद रोगी की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। आपरेशन को सफल बनाने में डॉ. सुरेन्द्र तिवारी निश्चेतना रोग विशेषज्ञ, डॉ. रविप्रकाश तथा नर्सिंग स्टाफ एवं कैथलैब टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। रोगी का उपचार आयुष्मान भारत योजना के तहत नि:शुल्क किया जा रहा है।
अधीक्षक ने बताया कि सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल में ओपेन हार्ट सर्जरी सहित कई जटिल आपरेशन सफलतापूर्वक किए गए हैं। उप मुख्यमंत्री एवं चिकित्सा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल के निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से इस अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं लगातार बेहतर हो रही हैं। अब जटिल रोगों के इलाज के लिए रोगियों को बड़े महानगरों में जाने की आवश्यकता नहीं है।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *