हर विकासखण्ड में एक लाख पौधे रोपित करने के लिए तत्काल तैयारी शुरू करें – कलेक्टर

हर विकासखण्ड में एक लाख पौधे रोपित करने के लिए तत्काल तैयारी शुरू करें – कलेक्टर
रोपित पौधों की सुरक्षा और देखभाल की पूरी व्यवस्था करें – कलेक्टर

रीवा 06 जून 2025. कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने वर्षाकाल में पौधारोपण के तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि जिले के सभी विकासखण्डों में एक-एक लाख पौधे रोपित किए जाएंगे। इसके लिए तत्काल तैयारी शुरू कर दें। वन विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा नगरीय निकाय पौधारोपण के लिए स्थान निर्धारित करके तत्काल गड्ढे खुदवाना शुरू कर दें। पौधों की किस्म का निर्धारण करके वन विभाग, उद्यानिकी विभाग अथवा अन्य एजेंसी को तत्काल पौधे क्रय करने के आदेश जारी कर दें। रोपित पौधों की सुरक्षा और उचित देखभाल की पूरी व्यवस्था करें। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास आंगनवाड़ी केन्द्रों तथा पोषण वाटिकाओं में पाँच हजार पौधे रोपित कराएं। इसमें मुनगा तथा अन्य फलदार पौधों को प्राथमिकता दें। जिला शिक्षा अधिकारी भी उन सभी स्कूलों में वृक्षारोपण कराएं जहाँ सुरक्षित भूमि उपलब्ध है। स्कूल परिसरों में 15 जुलाई तक पाँच हजार पौधे रोपित कराएं।

कलेक्टर ने कहा कि नगर निगम रीवा तथा अन्य नगरीय निकाय अमृत योजना के तहत शहर को हरा-भरा बनाने के लिए वृक्षारोपण कराएं। विभिन्न विभागों और अशासकीय संस्थाओं को भी वृक्षारोपण के कार्य में सहभागी बनाएं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मनरेगा योजना से प्रस्तावित वृक्षारोपण के लिए प्रत्येक सीएफटी में ग्राम वन के प्रस्ताव तत्काल तैयार करें। ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े महिला स्वसहायता समूहों से भी वृक्षारोपण कराएं। महिलाओं द्वारा रोपित पौधों को वायुदूत ऐप में भी दर्ज कराएं जिससे इनकी मॉनीटरिंग की जा सके। आजीविका मिशन कम से कम 50 हजार पौधे रोपित कराएं। आयुक्त नगर निगम शहर के प्रमुख स्थलों तथा प्रमुख मार्गों में एक लाख पौधे रोपित कराएं। रतहरा तालाब, दो प्रमुख नहरों के किनारे, लक्ष्मणबाग परिसर, पशु चिकित्सा महाविद्यालय, इंजीनियरिंग कालेज तथा झलबदरी तालाब के किनारे बड़ी संख्या में पौधे रोपित कराएं।

बैठक में बताया गया कि वन विभाग द्वारा चार लाख 34 हजार पौधे रोपित किए जाएंगे। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर निगम रीवा द्वारा एक लाख पौधे तथा जन अभियान परिषद द्वारा 15 हजार पौधे रोपित किए जाएंगे। बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े ने नगर निगम द्वारा बनाई गई वृक्षारोपण की कार्ययोजना की जानकारी दी। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने बताया कि विभिन्न विभागों के सहयोग से प्रत्येक विकासखण्ड में एक लाख से अधिक पौधे रोपित किए जाएंगे। इसकी ब्लॉकवार तथा ग्राम पंचायतवार तैयारी की जा रही है। उद्यानिकी विभाग में 47 हजार फलदार पौधे उपलब्ध हैं। इनका विभिन्न विभागों द्वारा रोपण कराया जाएगा। बैठक में उप संचालक कृषि यूपी बागरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास नयन सिंह, परियोजना अधिकारी मनरेगा शिव सोनी, जिला शिक्षा अधिकारी सुदामालाल गुप्ता, डीपीसी विनय मिश्रा, जिला समन्वयक आजीविका मिशन, संभागीय समन्वयक जन अभियान परिषद प्रवीण पाठक तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *