सत्यापित मतदाताओं की जानकारी 20 नवम्बर तक अपलोड करें – कलेक्टर
सत्यापित मतदाताओं की जानकारी 20 नवम्बर तक अपलोड करें – कलेक्टर
मैपिंग से शेष बचे मतदाताओं के सत्यापन के लिए दल तैनात करें – कलेक्टर
रीवा 12 नवम्बर 2025. कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि सभी रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी 14 नवम्बर तक गणना पत्रक वितरित कराएं। मतदाता द्वारा भरे गए गणना पत्रक 18 नवम्बर तक प्राप्त करें। गणना पत्रक के माध्यम से सत्यापित मतदाताओं की जानकारी 20 नवम्बर तक पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड कराएं। इसके लिए आवश्यक होने पर बीएलओ को रोजगार सहायक अथवा अन्य कर्मचारी सहयोग के लिए तैनात करें। मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित तय समय सीमा में अनिवार्य रूप से पूरा कराएं। सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदार भी क्षेत्र का भ्रमण कर पुनरीक्षण की मॉनीटरिंग करें।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि 40 वर्ष से अधिक आयु के सभी मतदाताओं के सत्यापन में किसी तरह की कठिनाई नहीं है। लगभग 70 प्रतिशत मतदाताओं का सत्यापन 20 नवम्बर तक पोर्टल पर अपलोड करा दें। गणना पत्रक भरने के बाद यदि मतदाता उपलब्ध नहीं है तो उसके परिवार के किसी भी मतदाता के हस्ताक्षर करा लें। मतदाता के फोटो प्राप्त करने की भी अनिवार्यता नहीं है। शेष बचे 30 प्रतिशत मतदाताओं के सत्यापन के लिए शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक वार्ड तथा ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक गांव में 22 नवम्बर से शिविर लगाएं। इन शिविरों में पटवारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकता, बीएलओ तथा ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहें। शेष बचे मतदाताओं की सूची बीएलओ उपलब्ध कराएं। इस सूची में बड़ी संख्या में ऐसी महिला मतदाताओं के नाम होंगे जिनकी आयु 40 वर्ष से कम है तथा वे विवाह के बाद मतदाता सूची में शामिल हुई हैं। ऐसी महिलाओं से उनके माता-पिता के गणना पत्रक की जानकारी व्हाट्सएप से मंगाकर उसके आधार पर सत्यापन करें।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि कई मतदाता अलग-अलग कारणों से गहन पुनरीक्षण की अवधि में निर्धारित आवास में उपलब्ध नहीं होंगे। अलग-अलग कारणों से वे अपने शहर या गांव से बाहर हो सकते हैं। उनके परिवारजनों से जानकारी लेकर उन्हें ऑनलाइन सत्यापन के लिए प्रेरित करें। गहन पुनरीक्षण की अवधि में मृत और स्थायी रूप से पलायन करने वाले मतदाताओं के नाम पृथक करें। मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य 4 दिसम्बर तक हरहाल में पूरा करें। रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सत्यापन के बाद मैपिंग के लिए शेष बचे मतदाताओं की जानकारी एकत्रित करने के लिए पृथक से दल तैनात करें। सब मिलकर प्रयास करेंगे तो समय सीमा में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य पूरा हो जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण में जो अधिकारी और कर्मचारी तैनात हैं वे 4 दिसम्बर तक केवल मतदाता सूची पुनरीक्षण का ही कार्य करेंगे। कार्यालय प्रमुख उन्हें तब तक के लिए विभागीय कार्य से मुक्त रखें, जिससे समय सीमा में कार्य पूरा किया जा सके।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुधीर बेक तथा जिला प्रबंधक ई गवर्नेंस आशीष दुबे ने मतदाताओं के सत्यापन तथा मैपिंग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, एसडीएम हुजूर अनुराग तिवारी, एसडीएम सिरमौर दृष्टि जायसवाल, एसडीएम मनगवां संजय जैन, एसडीएम त्योंथर पीएस त्रिपाठी, एसडीएम जवा पीयूष भट्ट, एसडीएम गुढ़ सुधाकर सिंह बघेल तथा सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार, मास्टर ट्रेनर एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।