विकास यात्रा में दिव्यांग विद्यार्थियों को दिए गए कृत्रिम उपकरण

रीवा 06 फरवरी 2023. विकास यात्रा के क्रम में शासकीय दिव्यांग बालिका छात्रावास में शिक्षा विभाग तथा एलेम्को द्वारा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर मनोज पुष्प ने 48 दिव्यांग विद्यार्थियों को तिपहिया साइकिल, व्हीलचेयर, मानसिक मंदता के बच्चों के लिए विशेष किट का नि:शुल्क वितरण किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि ईश्वर प्रत्येक दिव्यांग को विशिष्ट प्रतिभा देता है। हमें उसकी प्रतिभा को पहचान कर उजागर करना है। साथ ही दिव्यांगों को विभिन्न प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार के अवसर दिए जाएंगे। दिव्यांग हमारे समाज के लिए बोझ नहीं बल्कि विकास में योगदान देने वाले सशक्त इकाई बनेंगे। दिव्यांगों को दया की नहीं, उचित सहयोग और मार्गदर्शन की आवश्यकता है। दिव्यांग विद्यार्थियों की सेवा को केवल शासकीय नौकरी न मानें। इन्हें व्यक्तिगत रूचि लेकर सेवाभाव से सहयोग करें।

शिविर में उपस्थित एलेम्को के प्रतिनिधियों ने दिव्यांगों को दिए जा रहे उपकरणों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद कलेक्टर ने दिव्यांग छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, भोजन व्यवस्था तथा सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर दिव्यांग छात्रावास के शिक्षकगण तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box