अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उद्योग मंत्री ने रीवा में किया योग

योग से मिलता है अच्छा स्वास्थ्य – उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल

अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ठाकुर रणमत सिंह महाविद्यालय के मैदान में आयोजित जिला स्तरीय सामूहिक योग प्रदर्शन कार्यक्रम में आज खनिज साधन, वाणिज्य, उद्योग, रोजगार एवं प्रवासी भारतीय मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने योग प्रणाली की विभिन्न क्रियाओं के साथ प्राणायाम किया।
प्रारंभ में उद्योग मंत्री द्वारा भारत माता की पूजाअर्चना के साथ ही कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश गान एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री का संदेश उपस्थित जनों को सुनाया गया।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में उद्योग मंत्री श्री शुक्ल ने कहा स्वामी विवेकानन्द जी ने कहा था कि हमारा देश आने वाले समय में विश्व गुरू बनकर नेतृत्व करेगा। उनकी यह बात आज अक्षरशः सत्य हो रही है। उन्होने कहा कि आप लोग स्वयं योग करें तथा दूसरों को भी प्रेरणा दें। रोगों से मुक्ति के लिये और कार्य करने की अतिरिक्त ऊर्जा हेतु योग सशक्त माध्यम है। इस दौरान उद्योग मंत्री ने अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उपस्थित जनों को संकल्प भी दिलाया।
उद्योग मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत की प्राचीन परम्परा योग विधा को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकारोक्ति दिलाने के लिये साधुवाद देते हुए कहा कि उनके प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र संघ में ऐतिहासिक संकल्प पारित हुआ। श्री मोदी भारत माता के सच्चे सपूत हैं जिन्होंने योग के माध्यम से विश्व में जागृति पैदा करने का कार्य किया। उद्योग मंत्री ने अपेक्षा की कि प्रत्येक व्यक्ति स्वास्थ्य एवं कल्याण के पूर्णतावादी दृष्टिकोण को अपनाने हेतु योग करें।
उद्योग मंत्री ने दी बधाई व शुभकामनाएँ – योग दिवस के अवसर पर उद्योग मंत्री ने उपस्थितजनों को बधाई व शुभकामनाएँ देते हुए निरोगी, स्फूर्त रहते हुए समाज में जिम्मेदारी के निर्वहन की अपेक्षा की।
स्थानीय टी.आर.एस. कालेज मैदान में जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सामूहिक योग प्रदर्शन कार्यक्रम में महापौर ममता गुप्ता, कमिश्नर एस.के.पॉल, आईजी आशुतोष राय, डी.आई.जी., कलेक्टर राहुल जैन, पुलिस अधीक्षक संजय कुमार, नगर निगम आयुक्त कर्मवीर शर्मा, अपर कलेक्टर,मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सहित अधिकारियों/कर्मचारियों, स्वयं सेवी संगठनों के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों तथा हजारों की संख्या में उपस्थित बालक-बालिकाओं ने अपनी सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन मार्तण्ड स्कूल प्राचार्य ने किया।
अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में पतंजलि योग पीठ के प्रतिनिधि जिला योग प्रशिक्षक रामाधार विश्वकर्मा और मास्टर ट्रेनर्स द्वारा योग कराया गया।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *