आबकारी विभाग ने 56 घण्टे में उच्च क्वालिटी का 1.5 लाख बाटल सेनेटाइजर बनाया

रीवा 04 अप्रैल 2020. कोरोना वायरस से जंग लड़ने के लिए हमारा देश तत्पर है। जहां एक ओर लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए घरों से नहीं निकल रहे हैं वहीं दूसरी ओर स्व सहायता समूह की महिलाएं मास्क बनाने का काम कर रही हैं। इसी क्रम में जिले में आबकारी विभाग ने कोरोना को हराने के लिए एक तरीका इजाद करते हुए महज 56 घंटों में उच्च क्वालिटी का 1.5 लाख बाटल सेनेटाइजर का निर्माण कर लिया है। यह सेनेटाइजर बाजार में मिलने वाले सुगंधित सेनेटाइजर से भी बेहतर है।
उल्लेखनीय है कि कोरोना को हराने के लिए सेनेटाइजर की मांग काफी बढ़ गई है। लॉकडाउन होने की वजह से दुकानों तक सेनेटाइजर नहीं पहुंच पा रहा है। जो सेनेटाइजर उपलब्ध है वह काफी मंहगा होने के कारण आम लोग उसे खरीद पाने से वंचित हो रहे हैं। ऐसे में आबकारी विभाग ने एक तरीका निकाला जिसमें देशी शराब बनाने वाली फैक्ट्री जहां शराब का प्रोडक्शन बंद है वहां सेनेटाइजर बनाने का काम शुरू करा दिया। कर्मचारियों की कमी के बावजूद उपलब्ध व्यक्तियों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए महज 56 घंटे में 18 हजार 400 पेटी अर्थात 1.5 लाख बाटल सेनेटाइजर का निर्माण करा लिया गया है। विभाग द्वारा प्रतिदिन 400 पेटी सेनेटाइजर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। चोरहटा स्थित फैक्ट्री के प्रबंधक राजेश जायसवाल ने बताया कि आबकारी विभाग द्वारा बनवाये गये सेनेटाइजर को रीवा एवं शहडोल संभाग में भेजा जा रहा है। यह सेनेटाइजर चिकित्सालयों में भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

Facebook Comments Box