खाद्य सुरक्षा की टीम ने होटल एमएन गैलेक्सी तथा बाबा होटल में की जाँच

खाद्य सुरक्षा की टीम ने होटल एमएन गैलेक्सी तथा बाबा होटल में की जाँच
रीवा 21 फरवरी 2025. कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशों के अनुसार खाद्य सुरक्षा विभाग नागरिक आपूर्ति निगम, नापतौल विभाग तथा खाद्य विभाग की संयुक्त टीम जिले भर में लगातार होटल, ढाबों एवं अन्य प्रतिष्ठानों की जाँच कर रही है। महाकुंभ में शामिल होने के लिए जा रहे तीर्थयात्रियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराने तथा मिलावट को रोकने के उद्देश्य से लगातार कार्यवाही की जा रही है। इस क्रम में संयुक्त टीम ने अमहिया में होटल एमएन गैलेक्सी पर छापा मारा। इस संबंध में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अम्बरीश दुबे ने बताया कि जाँच के दौरान होटल में कमरों की किराया सूची नहीं पाई गई। होटल में अलग-अलग दिनांकों में ग्राहकों को अलग-अलग कीमत पर एक ही तरह के कमरे उपलब्ध कराए गए थे। पानी के बोतल और खाद्य सामग्री की दर तथा बिल भी जाँच के दौरान उपलब्ध नहीं कराया गया। संयुक्त टीम ने होटल संचालक संजय माधवानी के विरूद्ध प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि अमहिया में ही संयुक्त टीम ने बाबा होटल और फैमिली रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की जाँच की। टीम ने पनीर और तुअर दाल के नमूने लिए। नापतौल विभाग ने अप्रमाणित तौलकांटा पाए जाने पर जब्ती की कार्यवाही की। कार्यवाही में संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल रहे।