उद्योग मंत्री ने उद्योग विहार में किया 22.38 करोड़ के निर्माण कार्यों का शिलान्यास

गुढ़ बायपास में बनेगा रीवा का दूसरा औद्योगिक क्षेत्र – मंत्री श्री शुक्ल

उद्योग, वाणिज्य तथा खनिज मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने औद्योगिक क्षेत्र उद्योग विहार चोरहटा में 23 करोड़ 38 लाख के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें 9.5 किमी सीसी रोड, 8.5 किमी नाली निर्माण, 14 पुलिया तथा पांच नलकूपों के खनन का कार्य शामिल है। यह कार्य औद्योगिक क्षेत्र विकास निगम द्वारा कराया जायेगा। इस अवसर पर मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र चोरहटा को सबसे विकसित और सुविधायुक्त क्षेत्र बनायेंगे। आज शुरू हो रहे निर्माण कार्यों से इसमें सड़कों, नालियों तथा जल निकासी की बेहतर व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही गुढ़ बायपास पर नया औद्योगिक केन्द्र बनाया जायेगा। रीवा के इस दूसरे औद्योगिक केन्द्र के लिये 125 करोड़ रूपये की राशि मंजूर कर ली गई है। इसमें भावी उद्यमियों को सुगमता से औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिये हर संभव सहायता दी जायेगी।
मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि औद्योगिक केन्र्द में सड़क निर्माण के साथ इससे इसके मुख्य मार्ग तथा बाबूपुर गावं तक भी सीसी रोड का निर्माण किया जायेगा। रीवा जिला विकास के पथ पर आगे बढ़ चला है। यहां कई बड़े निर्माण कार्य मंजूर हुये हैं। स्टेशन मोड़ तथा नया बस स्टैण्ड में शीघ्र ही फ्लाई ओवर का निर्माण प्रारंभ होगा। मुख्यमंत्री जी ने चोरहटा से शहडोल रोड तक रिंग रोड निर्माण के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है। क्षेत्र में सड़क, सिंचाई और बिजली की सुविधा बढ़ने से खेती और उद्योग दोनो का विकास होगा। पर्यटन के विकास के लिये भी लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। व्हाइट टाइगर सफारी में अब बब्बर शेर तथा सफेद बाघ के नये जोड़े की दहाड़ गूंज रही है। क्षेत्र में खेती और उद्योगों का विकास होने से रीवा की तस्वीर पूरी तरह से बदल जायेगी। समारोह में उपस्थित राइस मिल संचालकों की धान के संबंध में व्यक्त चिंताओं को दूर करते हुये मंत्री जी ने कहा कि मिलिंग के लिये रीवा जिले की एक किलो धान भी बाहर नहीं जायेगी।
समारोह में महापौर श्रीमती ममता गुप्ता ने कहा कि रीवा में विकास के लिये शांति पूर्ण माहौल तथा सकारात्मक वातावरण है। उद्योगपति यहां अपनी सुविधा के अनुसार इकाइयां स्थापित कर सकते हैं। राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप सिंह तथा कमलेश सचदेवा ने औद्योगिक क्षेत्र के विकास की जानकारी देते हुए विकास की उपलब्धियों के लिये मंत्री के प्रति आभार ज्ञापित किया। औद्योगिक क्षेत्र विकास निगम के प्रबंध संचालक तथा संयुक्त कलेक्टर नीलमणि अग्निहोत्री ने अतिथियों का स्वागत करते हुए केन्द्र की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि औद्योगिक विकास केन्द्र चोरहटा 1982 में 134 हेक्टेयर क्षेत्र में स्थापित किया गया। इसमें वर्तमान में 100 से अधिक इकाइयां संचालित हैं। जनपद अध्यक्ष रीवा के पी त्रिपाठी ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम में पार्षद संजू कोल, गौ संवद्र्धन बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेश पाण्डेय, उद्योगपति राजीव खन्ना, रमेश सिंह, विष्णु गुप्ता, बड़ी संख्या में उद्योगपति, उप संचालक रोजगार अनिल दुबे तथा आमजन उपस्थित रहे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *