विन्ध्य महोत्सव विन्ध्य की संस्कृति और समृद्धि का उत्सव है – उद्योग मंत्री

उद्योग मंत्री श्री शुक्ल ने किया विन्ध्य महोत्सव का भव्य शुभारंभ 

चोरहटा से रतहरा तक फोरलेन सीसी रोड तथा समान तिराहे पर फ्लाई ओवर निर्माण के लिये 150 करोड़ रूपये के प्रस्ताव को मंजूरी मिली

रीवा में तीन दिवसीय विन्ध्य महोत्सव का आयोजन तीन से पांच अप्रैल तक इंजीनियरिंग कालेज मैदान मे किया जा रहा है। उद्योग, वाणिज्य तथा खनिज मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने विन्ध्य महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया। उन्होंने इसके साथ-साथ विन्ध्य व्यापार मेले का भी शुभारंभ किया। विन्ध्य महोत्सव के प्रथम दिवस सुप्रसिद्ध गायिका सोना महापात्रा के गीतों पर श्रोता देर रात तक झूमते रहे। कार्यक्रम में बघेली लोक कलाकारों शिवांगी मिश्रा, पर्व मिश्रा तथा नैना सोनी ने शानदार प्रस्तुति दी।
महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि विन्ध्य महोत्सव विन्ध्य की संस्कृति और समृद्धि का उत्सव है। बाणसागर बांध से इस क्षेत्र में ढाई लाख एकड़ में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हुई है। इससे समृद्धि और व्यापार बढ़ा है। रीवा में चारों ओर विकास के कार्य हो रहे हैं इसलिये हमें उत्सव मनाने का पूरा अधिकार है। विन्ध्य महोत्सव में कला संस्कृति खान-पान आदि के नये रंग देखने को मिलेंगे।
मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि हाल ही में भोपाल में आयोजित इंडिया टुडे कान्क्लेव में रीवा जिले को पिछले दस वर्षों में सर्वाधिक तेजी से विकसित हो रहे जिले का पुरस्कार मिला है। हमने विन्ध्य क्षेत्र में विकास के नये प्रतिमान स्थापित किये हैं। आज ही चोरहटा से रतहरा तक फोरलेन सीसी रोड तथा समान तिराहे पर फ्लाई ओवर निर्माण के लिये 150 करोड़ रूपये के प्रस्ताव को मंजूरी मिली है। रीवा को शानदार कलेक्ट्रेट भवन तथा महाराजा मार्तण्ड सिंह जूदेव व्हाइट टाइगर सफारी की सौगात भी मिल चुकी है। टाइगर सफारी में बब्बर शेर तथा सफेद शेर का नया जोड़ा भी शीघ्र ही आयेगा। रीवा-सीधी मार्ग में मोहनिया घाटी में सुरंग निर्माण का कार्य भी मंजूर हो गया है।

समारोह में नगर निगम की महापौर श्रीमती ममता गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुये कहा कि विन्ध्य महोत्सव हमारे लिये गौरव का क्षण है। लगातार चौथे वर्ष हम इसका सफल आयोजन करने जा रहे हैं। पूर्व मंत्री महाराजा पुष्पराज सिंह ने इस अवसर पर कहा कि विन्ध्य तथा रीवा के विकास की चर्चा मप्र ही नहीं पूरे विश्व में हो रही है। सफेद बाघ विन्ध्य की पहचान बन चुका है। विन्ध्य के प्रसिद्ध व्यंजनों पर नेशनल जियोग्राफिक चैनल ने डाक्यूमेंट्री बनायी है। विन्ध्य अब तेजी से विकास कर रहा है। समारोह में विधायक मनगवां श्रीमती शीला त्यागी, उपाध्यक्ष जिला पंचायत शहडोल श्रीमती पूर्णिमा तिवारी, उपाध्यक्ष जिला पंचायत रीवा श्रीमती विभा पटेल, अध्यक्ष नगर निगम सतीश सोनी, कलेक्टर श्रीमती प्रीति मैथिल नायक, पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार, कुलपति श्री के एन सिंह यादव, श्री विद्याप्रकाश श्रीवास्तव, जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। 
मंत्री ने किया विन्ध्य व्यापार मेले का शुभारंभ – उद्योग मंत्री श्री शुक्ल ने विन्ध्य महोत्सव के साथ विन्ध्य व्यापार मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विन्ध्य में हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। यहां व्यापार में भी तेजी से वृद्धि हुई है। आम जनता को बड़े महानगरों जैसी सुविधाएं रीवा में मिलने लगी हैं। उन्होंने विन्ध्य व्यापार मेले की सफलता के लिये शुभकामनाएं दीं।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *