रीवा में उद्योग मंत्री ने 31 हजार किसानों को वितरित की 36 करोड़ रूपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि

रीवा में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना से 31 हजार से अधिक किसानों को लाभान्वित किया गया। उद्योग, वाणिज्य तथा खनिज मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने किसानों को ई-पेमेण्ट के माध्यम से 36 करोड़ रूपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि वितरित की। कार्यक्रम कृषि उपज मण्डी परिसर करहिया में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के किसानों की तकदीर बदल दी है। हमारी सरकार ने विन्ध्य क्षेत्र को बाणसागर बांध की सौगात देकर किसानों को समृद्धि का उपहार दिया है। किसानों को मिल रही पर्याप्त बिजली तथा सिंचाई सुविधा ने सूखे के साल में भी धान और गेंहू का रिकार्ड उत्पादन किया है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा, सिंचाई, बिजली के उत्पादन तथा सड़कों के निर्माण में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। देश में किसानों के लिए सर्वाधिक योजनाएँ लागू करने वाला प्रदेश मध्यप्रदेश है। इस वर्ष किसानों को 30 हजार करोड़ रूपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है। रीवा जिले के 47 हजार से अधिक किसानों को गत वर्ष के गेंहू उपार्जन में 51 करोड़ रूपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है। चना, मसूर और सरसों के लिए भी प्रोत्साहन राशि दी जायेगी। प्याज और लहसुन की समर्थन मूल्य पर खरीद करने वाला एकमात्र राज्य मध्यप्रदेश है। प्रदेश की किसान हितैषी योजनाओं का परिणाम है कि हमें लगातार पांच वर्षों से कृषि कर्मण पुरस्कार प्राप्त हो रहा है।
समारोह में सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि किसान खेती में लागत घटायें, जैविक खेती को अपनायें तभी खेती लाभ का धंधा बनेगी। आज का दिन प्रदेश के किसानों के लिए उत्सव का दिन है। पूरे प्रदेश में 2245 करोड़ रूपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की जा रही है। इसके अलावा सरकार ने हर क्षेत्र में विकास के कार्य किये हैं। उन्होंने किसानों से फसल बीमा कराने तथा खेतों की नरबाई न जलाने की अपील की।
कार्यक्रम में महापौर ममता गुप्ता, मण्डी अध्यक्ष छोटेलाल कोल, अध्यक्ष कृषि समिति लल्लू प्रसाद कुशवाहा, डॉ अजय सिंह, विद्याप्रकाश श्रीवास्तव, कलेक्टर प्रीति मैथिल नायक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मयंक अग्रवाल, उप संचालक कृषि एस के माहौर तथा हजारों किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री का स्वागत हल देकर किया गया।
मुख्यमंत्री के भाषण का किया गया सीधा प्रसारण – किसानों को प्रोत्साहन राशि वितरण के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के भाषण का जबलपुर से सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों ने प्रदर्शनी लगायी जिसमें विभाग से संबंधित कृषि योजनाओं की जानकारी किसानों को दी गई। कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को आगामी फसल की जानकारी, कीट प्रबंधन और बीजोपचार की जानकारी दी।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *