बसामन मामा गौवंश वन्य विहार आदर्श गौ अम्यारण्य के तौर पर विकसित होगा : उद्दोग मंत्री

विन्ध्य एवं रीवा जिले में विकास की एक कड़ी उस समय और जुड़ गई जब प्रदेश के उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बसामन मामा गौवंश वन्य विहार का भूमिपूजन किया। इस दौरान पूर्वा गांव में आयोजित कार्यक्रम में मध्यप्रदेश गौपालन एवं पशुधन संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरि, सांसद जनार्दन मिश्र, विधायक देवतालाब गिरीश गौतम सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जन उपस्थित थे।
कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के तौर पर सम्बोधित करते हुए उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि गौवंश के संरक्षण व संवर्धन के लिये आज इस पुनीत कार्य का शुभारंभ हो रहा है। रीवा जिले में बाणसागर के पानी से खेती का रकबा बढ़ा है। लेकिन ऐरा प्रथा के कारण इसे नुकसान पहुँच रहा था। अब गौ अभ्यारण्य वन जाने से जहाँ एक ओर किसानों की खेती का नुकसान नहीं होगा वहीं दूसरी ओर गौ वंश का संरक्षण भी हो सकेगा। उन्होंने गौ अभ्यारण्य हेतु 50 लाख रूपये व बसामन मामा परिसर विकास हेतु 10 लाख रूपये उद्योग विभाग से प्रदाय किये जाने की घोषणा भी की।
उद्योग मंत्री ने कहा कि 22.5 एकड़ राजस्व भूमि व 50 एकड़ चरनोई भूमि में 5 हजार से अधिक गौवंश रहेगा। साथ ही इससे लगी 500 एकड़ वन भूमि में फैंसिंग की जायेगी ताकि गौ वन्य विहार में रहने वाले गौवंश सीधे जंगल में चारा चरने जा सकें। उन्होंने कहा कि किसी भी किसान की खेती का नुकसान गौ वन्य विहार के गौवंश से नहीं होगा। इस बात की पुख्ता व्यवस्था की जायेगी।चरनोई भूमि में चारागाह विकास का कार्य होगा ताकि यहां भी गाय चारा चर सकें। गौशाला में 10 शेड, 10 भूसा शेड सहित पीने के पानी हेतु हौज बनाये जायेंगे। इस प्रकार यह एक आदर्श गौ अभ्यारण्य के तौर पर स्थापित होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए म.प्र. गौपालन एवं पशु संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष स्वामी अखिलेश्वरानंद ने कहा कि प्रदेश में गौवंश की सुरक्षा के उद्देश्य से गौ अभ्यारण्य व गौशालायें प्रारंभ की जा रही हैं। सभी गौशालायें अनुसंधान केन्द्र के तौर पर विकसित हो व स्वाबलम्बी बनें। उन्होंने गौवंश के प्यार व किसानों के प्रति हमदर्दी के लिये गौ वन्य विहार निर्माण हेतु मंत्री जी को साधुवाद दिया। स्वामी जी ने कहा कि शासन द्वारा प्रारंभ की गई गौपालन पुरस्कार योजना भी गौवंश संरक्षण व संवर्धन में सहायक हो रही है। उन्होंने ऐरा प्रथा बंद करने हेतु ग्रामवासियों से समवेत होने की अपेक्षा भी की।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि किसानों की फसल को नुकसान से बचाने व गौवंश के संरक्षण, संवर्धन में गौ अभ्यारण्य का निर्माण सहायक होगा। उन्होंने अपेक्षा की कि इसी प्रकार के अन्य गौ वन्य विहार जिले में बनेंगे ताकि बेसहारा गौवंश का संरक्षण व संवर्धन हो सके। समारोह को सम्बोधित करते हुए देवतालाब विधायक गिरीश गौतम ने कहा कि विन्ध्य क्षेत्र में बाणसागर के पानी से खेत-खेत में सिंचाई की सुविधा व 24 घन्टे बिजली प्रदाय का कार्य हुआ है। प्रधानमंत्री आवास योजना से हर गांव/शहर में पक्के मकान बनाकर सबको आवास का सपना पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बसामन मामा गौ वन्य विहार की स्थापना को मील का पत्थर बताया। इस दौरान संजय द्विवेदी ने भी सम्बोधित किया।
इससे पूर्व वन मण्डलाधिकारी बिपिन पटेल ने कार्य एजेंसी वन विभाग की तरफ से तकनीकी कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि गौ वन्य विहार में फैंसिंग का कार्य 15 दिवस में पूर्ण कर लिया जायेगा। कार्यक्रम संचालन एवं स्वागत उद्बोधन उपाध्यक्ष जिला गौपालन एवं पशुधन संवर्धन बोर्ड राजेश पाण्डेय ने किया। इससे पूर्व उद्योग मंत्री सहित अतिथियों का ग्राम भिटवा से पुर्वा तक ग्रामवासियों ने स्वागत किया। कार्यक्रम के अन्त में आभार प्रदर्शन अध्यक्ष जनपद पंचायत रीवा के.पी.त्रिपाठी ने किया। इस दौरान जयराम शुक्ल, के.सी.जैन, डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी, देवेन्द्र पाण्डेय बेधड़क, रामसज्जन शुक्ल, लालमणि पाण्डेय, बजरंग दल के राजेश पाण्डेय, रामाधार गुप्ता, शेषमणि पाण्डेय, श्रीकान्त मिश्रा, जयराम अग्निहोत्री, सुन्दरलाल शर्मा, राजेन्द्र त्रिपाठी, योगेन्द्र सिंह, ददुल्ले सिंह सहित संयुक्त संचालक पशुपालन आशुतोष सिंह, उप संचालक व्ही.व्ही.एस. चौहान, डॉ. अरूणेन्द्र शुक्ला व बड़ी संख्या में जन प्रतिनिधि, ग्रामवासी एवं वन तथा पशुपालन सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *