लोक संस्कृति पर केन्द्रित प्रस्तुतियों के साथ सम्पन्न हुआ भारत पर्व

DSC_0158

गणतंत्र दिवस 26 जनवरी की संध्या में स्थानीय नगर निगम के टाउन हाल में भारत पर्व का आयोजन सम्पन्न हुआ। रात्रि 9 बजे तक चले इस मनमोहक समारोह में स्थानीय कलाकारों द्वारा लोकगीत, संगीत व नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गई जिन्हें कला प्रेमी जनता ने मुक्तकंठ से सराहा।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद जनार्दन मिश्र, महापौर ममता गुप्ता, जनपद अध्यक्ष रीवा केपी त्रिपाठी, विभिन्न वार्डों के पार्षद, जन प्रतिनिधि, आयुक्त नगर निगम कर्मवीर शर्मा, एडीएम श्रीकान्त पाण्डेय सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में शहर के रहवासी उपस्थित थे।
भारत पर्व का शुभारंभ वरिष्ठ कलाकार मणिमाला सिंह और उनके दल द्वारा लोकनृत्य की प्रस्तुति के साथ हुआ। तदुपरांत जीडीसी की संगीत विभाग छात्राओं द्वारा आनंदम गीत की प्रंशसनीय प्रस्तुति दी गई। वाणी साठे ने ऐ मेरे वतन के लोगों गीत का गायन किया। नाटक, बघेली गीतों और स्वच्छता पर आधारित समूह नृत्य की भी प्रस्तुति इस दौरान दी गई।
इससे पूर्व उद्योग मंत्री ने भारत माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलन किया। तत्पश्चात वन्देमातरम गीत का गायन हुआ। इस मौके पर उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि शासन ने भारत पर्व कार्यक्रम के आयोजन करने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को लोक कला, गायन आदि में मंच उपलब्ध कराना है ताकि हमारी सांस्कृतिक विरासत जीवंत रहे। सांसद जनार्दन मिश्र ने अपने उद्बोधन में कहा कि रीवा सांस्कृतिक रूप से संपन्न जिला रहा है। सांस्कृतिक विरासत को देखा जाय तो चिरकाल से ही इसकी परम्परा चली आ रही है। महापौर ममता गुप्ता ने विन्ध्य की धरोहरों को सहेजने हेतु  आयोजित इस पर्व को एक अवसर बताया। नगर निगम आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजन सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित करने के लिये किये जा रहे हैं।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *