बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिये सभी एकजुट होकर कार्य करें – कलेक्टर

rewa22082016-666

कलेक्टर राहुल जैन ने रीवा शहर सहित जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आयी बाढ़ से प्रभावित व्यक्तियों की मदद के लिये सभी से एक जुट होकर कार्य करने की अपेक्षा की है। उन्होंने समाज के हर वर्ग के लोगों का आव्हान किया है कि पीड़ित परिवारों का मनोबल बढ़ाते हुये संकट की इस घड़ी में सहायता के लिये आगे आयें। कलेक्टर ने शहर के व्यापारी संगठन, उद्योगपतियों, स्वयंसेवी संस्थाओं व प्रबुद्धजनों की बैठक में यह बातें कही।
राहुल जैन ने बताया कि प्रशासन द्वारा पूरी तत्परता व मुस्तैदी से राहत व सहायता का कार्य किया जा रहा है और उम्मीद है कि आगामी दो दिनों में प्रभावित व्यक्तियों की जिंदगी सामान्य ढर्रे पर चलने लगेगी। उन्होंने कहा कि सर्वे दल बना दिये गये हैं जो घर- घर जाकर बाढ़ से हुई क्षति का आंकलन करेंगे तद्नुसार राहत राशि दिये जाने की कार्यवाही की जायेगी। कलेक्टर ने लोगों से अपील की कि कचरा निर्धारित स्थान में ही फेंके ताकि उठाव आसानी से हो सके। साफ सफाई के साथ दवा के छिड़काव का भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तात्कालिक तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में 3000 व रीवा शहर में 600 प्रभावितों को तिरपाल पन्नी प्रदान की गयी है साथ ही बांस- बल्ली दिये जाने की कार्यवाही करायी जा रही है। संजय गांधी अस्पताल व जिला चिकित्सालय में बाढ़पीड़ितों के लिये अलग से वार्ड
नियत किये गये हैं। मेडिकल टीमें एम्बुलेंस के साथ प्रभावित क्षेत्रों में भ्रमण कर रही हैं इसके अतिरिक्त यदि स्वास्थ्य संबंधी कोई जरूरत हो तो हेल्थ प्रभारी डा. अम्बीरीष मिश्रा के मो. नं. 9827687106 पर भी सम्पर्क किया जा सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सीएमएच ओ से भी संपर्क की सलाह दी गयी है। इसी प्रकार विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्या के लिये श्री सिंघई के मो. नं. 9425824983 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
कलेक्टर ने उपस्थित जनों से अपील की कि झूठी अफवाहों के प्रति लोगों को जागरूक करें व यदि पुनः वर्षा की स्थिति से जल भराव होने की संभावना बने तो समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों में जाने हेतु प्रेरित भी करें। जन अभियान परिषद के सदस्य स्थानीय गोताखोर, नाविकों की भी पहचान कर लें जो संकट के समय मददगार हो सकें।
राहुल जैन ने शहर के उन सभी लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया जिन्होंने संकट की घड़ी में आगे बढकर बाढ़ प्रभावितों की मदद की उन्होंने अपेक्षा की कि साफ सुथरे खाद्यान्न, पीने के पाउच, बर्तन, कपड़े, मच्छरदानी, बिछाने के कपडे, बांस, बल्ली, बच्चों को पुस्तकें व कांपियों सहित अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने हेतु आगे आयें।
उन्होंने बताया कि खाद्य सामग्री प्रदाय हेतु खाद्य नियंत्रक एम.एन.एच. खान के मो. नं. 7869364820 पर, तिपाल पन्नी हेतु डिप्टी कलेक्टर कमलेशपुरी के मो. नं. 9993011644 पर तथा कपडे आदि अन्य सामग्री हेतु रेडक्रास के प्रशांत जैन के मो. नं. 9424624190 पर सम्पर्क किया जा सकता है। इसी प्रकार मंडी सचिव अरिमर्दन सिंह के पास सूखा अनाज जमा कराने हेतु मो. नं. 9424428323 पर सम्पर्क किया जा सकतता है। नगद व चेक के माध्यम से रेडक्रास के खाता नं. 0423104000019646 आई.डी.बी.आई. बैंक रीवा आई.एफ.सी. कोड क्रमांक आई.बी. के. एल. 0000423 पर राशि बाढ पीडितों की सहायता हेतु सीधे जमा की जा सकती है।
बाढ़ पीड़ितों की सहायता हेतु आगे आये लोग – बाढ पीड़ितों की सहायता के लिये कलेक्टर राहुल जैन ने दस हजार रूपये देने की घोषणा की इसके साथ ही अन्य उपस्थित जन भी प्रभावितों की सहायता के लिये आगे आने लगे। इस क्रम में सुनील सिंह (बद्रिका मोटर्स) ने इक्यावन हजार रू. एवं एरोमा एशोसियेशन द्वारा इक्यावन हजार रूपये दिये जाने की घोषणा की। वहीं सुधाकर द्विवेदी ने इक्यावन हजार रूपये की नगद राशि कलेक्टर की उपस्थिति में रेडक्रास को सौंपे जबकि आदित्य ट्रेवल्स के अशोक सिंह ने दस हजार रू. का चेक कलेक्टर को सौंपा। रीवा कृषक एसोसियेशन ने एक लाख रू. व आजाद अध्यापक संघ ग्यारह हजार एक सौ रू. देने की घोषणा की तथा जय प्रकाश नारायण मिश्र ने बाढ़ प्रभावितों को बांस उपलब्ध कराने की बात कही। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व सिंधु समाज सहित अन्य संवेदनशीलजनों द्वारा खाद्य पैकेट्स व अन्य सामग्री वाढ प्रभावितों को लगातार प्रदान की जा रही है।
बैठक में अपर कलेक्टर नागेन्द्र मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत निलेश परीख, डा. सज्जन सिंह, डा. एच.पी. सिंह सहित गणमान्य जन व स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *