प्रदेश में 15 अगस्त तक होगी 1.14 लाख पदों में भर्ती – मुख्यमंत्री

रीवा 02 जनवरी 2023. मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को प्रदेश के विकास के रोडमैप पर कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश ने इस वर्ष कई क्षेत्रों में शानदार उपलब्धियाँ हासिल की हैं। इन उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। हर विभाग उपलब्धियों की लघु फिल्म बनाकर उसे जन-जन तक पहुंचाए। इनवेस्टर्स मीट तथा जी-20 बैठकों में भी प्रदेश की उपलब्धियों की तस्वीर प्रस्तुत करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष एक फरवरी से 15 फरवरी तक प्रदेश भर में विकास यात्राएं निकाली जाएंगी। इसमें शहर और गांव दोनों शामिल होंगे। इन यात्राओं में विकास कार्यों के शिलान्यास तथा लोकार्पण होंगे। इस वर्ष 15 अगस्त तक एक लाख 14 हजार पदों पर भर्तियाँ की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह में आमजनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। प्रत्येक जिले में तीन चुने हुए क्षेत्रों में गणतंत्र दिवस में विशेष अभियान चलाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 5 फरवरी को संत रविदास जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान में 83 लाख हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इस वर्ष 6 से 30 अप्रैल तक पुन: जनसेवा अभियान चलाया जाएगा। इसमें कुछ नई योजनाएं भी शामिल की जाएंगी। इस वर्ष हवाई जहाज से तीर्थ यात्रा, कूनो चीता प्रोजेक्ट तथा आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की उपलब्धियों के रिपोर्ट कार्ड की भी समीक्षा होगी। कमिश्नर और कलेक्टर जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल प्रगति पथ निर्माण, आयुष्मान योजना, स्वसहायता समूहों को बैंक लिंकेज, संबल योजना तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना के क्रियान्वयन की विशेष निगरानी करें। नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण करें तथा प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माफियाओं के विरूद्ध अभियान में अच्छी सफलता मिली है। इनके कब्जे से 23 हजार एकड़ जमीन मुक्त कराई गई है। इनमें गरीबों के घर बनाए जाएंगे। सिंचाई के क्षेत्र में भी कई योजनाओं का कार्य पूरा हुआ है। 45 लाख हेक्टेयर में सिंचाई हो रही है। गरीबों के लिए 38 लाख मकान बनाए गए हैं। प्रदेश में चार लाख किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया गया है। जो काम बेहतर हो रहा है उसे बेहतर दिखाएं भी। सरकार के तीन वर्ष 23 मार्च को पूरे होंगे। इस अवसर का उपयोग भी उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए करें।

कार्यक्रम के आरंभ में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों-कर्मचारियों तथा प्रदेशवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कैलेण्डर तथा डिजिटल डायरी का विमोचन किया। कार्यक्रम में मंत्रीगण, मुख्य सचिव, विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कमिश्नर कार्यालय के वीडियो कान्फ्रेंसिंग कक्ष से कमिश्नर अनिल सुचारी, एडीजीपी केपी व्यंकटेश्वर राव, कलेक्टर मनोज पुष्प, अपर कमिश्नर छोटे सिंह, डीआईजी मिथिलेश शुक्ला, पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, संयुक्त आयुक्त निलेश परीख, उपायुक्त अशोक ओहरी, उप संचालक सतीश निगम उपस्थित रहे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *