मुख्य सचिव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से की हर घर तिरंगा अभियान की समीक्षा

रीवा 12 जुलाई 2022. आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में संस्कृति विभाग द्वारा 11 अगस्त से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश के मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैस ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान के तैयारियों की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जाएगा। ध्वज संहिता का पालन करते हुए घरों में ध्वजारोहण किया जाएगा। कलेक्टर अपने जिले की जनसंख्या के अनुसार कुल परिवारों का आकलन कर हर घर में ध्वज प्रदान करने की व्यवस्था करें। ध्वज स्थानीय स्तर पर स्वसहायता समूहों से निर्माण कराएं। इसके साथ-साथ आवश्यक ध्वजों की आपूर्ति स्थानीय स्तर पर न होने की स्थिति में अपनी माँग संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव को तत्काल भेजें। प्रमुख सचिव केन्द्र सरकार से व्यवस्था कर ध्वज उपलब्ध कराएंगे।

मुख्य सचिव ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता को आजादी के महोत्सव तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जोड़ना है। कलेक्टर ध्वज निर्माण के लिए आवश्यक कपड़े तथा ध्वज तैयार करने के लिए समय रहते प्रयास कर लें। ध्वज बनाते समय मानक रंगों का उपयोग करें। निर्धारित आकार के ही ध्वज बनवाएं। इस अभियान को सफल बनाने में स्वयंसेवी संगठनों तथा आम जनता का भी सहयोग प्राप्त करें। कलेक्टर बुरहानपुर द्वारा ध्वज निर्माण के संबंध में स्थानीय स्तर पर अच्छे प्रयास किए गए हैं। संस्कृति विभाग अन्य जिलों को भी बुरहानपुर से ध्वजों की आपूर्ति कर सकता है। मुख्य सचिव ने ध्वज वितरण के लिए पर्याप्त संख्या में केन्द्र बनाने के निर्देश दिए। ध्वज वितरण के साथ-साथ ध्वज संहिता के प्रावधानों का भी वितरण कराएं।
वीडियो कान्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव ने अंकुर अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि वृक्षारोपण का सबसे उपयुक्त समय जुलाई का महीना है। वृक्षारोपण कराकर इसकी जानकारी तथा फोटो वायुदूत एप में अपलोड कराएं। कई जिलों में पंजीयन बहुत कम है। हर व्यक्ति की वृक्षारोपण में भागीदारी सुनिश्चित करें। कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र में कमिश्नर रीवा अनिल सुचारी, कलेक्टर मनोज पुष्प, पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, आयुक्त नगर निगम मृणाल मीणा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनकर, अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, उप संचालक सतीश निगम तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *