पूर्व मंत्री श्री शुक्ल ने रघुवंशम पंचांग का किया विमोचन, पंचांग में स्थानीय जानकारियों को किया गया है समाहित

रीवा 17 जनवरी 2021. प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं रीवा विधायक श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मुख्य अतिथि के तौर पर आज रीवा में गुढ़ चौराहा स्थित सिंधु भवन में रघवुंशम पंचांग के प्रथम अंक का विमोचन किया। इस अवसर पर समारोह की अध्यक्षता कर रहे विधायक सतना सिद्धार्थ कुशवाहा तथा रघुवंशम पंचांग के प्रधान संपादक डॉ. राजकिशोर कुशवाहा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ।
पंचांग के विमोचन अवसर पर पूर्व मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि रघुवंशम पंचांग में स्थानीय जानकारियों को समाहित किया गया है। इसके माध्यम से लोग आने वाले त्यौहारों के बारे में भी जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के हित में विभिन्न प्रकार की उपलब्धियों एवं कमियों को समाचार-पत्र, पत्रिकाओं तथा पंचांगों में माध्यम से दर्शाया जाता रहा है। इससे पत्रकारिता का महत्व बढ़ जाता है। लोकतंत्र में पत्रकारिता का विशेष स्थान है। विधायिका, कार्यपालिका तथा न्यायपालिका के साथ-साथ पत्रिकारिता का होना भी आवश्यक है, तभी लोकतंत्र मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि जब भी समाचार पत्रों में किसी सामाजिक हित के विषय को प्रकाशित किया जाता है और उसमें जो भी आवश्यक कार्यवाही किये जाने योग्य सामग्री होती है तब उसे संबंधितों को निर्देशित किया जाता है। उन्होंने पंचांग के प्रधान संपादक को पंचाग के प्रथम अंक के विमोचन पर बधाई एवं शुभकामनायें दीं। उन्होंने कहा कि पंचांग हमेशा समाज के नये विषयों को प्रकाशित करेगा। श्री शुक्ल ने कहा कि अच्छी नियत से किया गया कार्य हमेशा प्रतिष्ठा दिलाता है।
समारोह में विधायक सतना ने पंचांग के प्रकाशन पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर समाचार-पत्र, पत्रिका तथा पंचांग हमेशा कुछ न कुछ नयी जानकारियां प्रदान करता है। इस पंचांग में क्षेत्रीय विषयों को शामिल किया गया है जो प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय से जुड़े विषय तो सभी पंचांगों में प्रकाशित होते हैं लेकिन इस पंचांग द्वारा क्षेत्रीय विषयों को शामिल कर एक अनूठा कार्य किया गया है। समारोह में स्वागत उद्बोधन देते हुए प्रधान संपादक डॉ. राजकिशोर कुशवाहा ने रघुवंशम पंचांग की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
समारोह में सरदार प्रहलाद सिंह, हुकूमत राय होतवानी, सुभाष श्रीवास्तव, राजेन्द्र वर्मा, मनीष चांदवानी, नागेन्द्र कुमार सोनी, रितेश सिंह, निर्मल कुमार पटेल, शिवरतन नामदेव, धीरेन्द्र सिंह, सुनील कुमार कुशवाहा, राजीव सिंह बघेल, दयाराम कोष्टा, लेखराज मोटवानी, अखिलेश कुशवाहा सहित गणमान्य नागरिक औ बड़ी संख्या में स्थानीय जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विष्णुदेव कुशवाहा ने किया। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन हरि प्रकाश सिंह ने किया।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *