गांधी दर्शन यात्रा दे रही सत्य अहिंसा का संदेश

रीवा 26 दिसंबर 2019. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती से जुड़े कार्यक्रम 2 अक्टूबर से आरंभ हो गये हैं। इन कार्यक्रमों का आयोजन आगामी एक वर्ष तक चलेगा। मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ की मंशा के अनुसार गांधी जी के विचारों का प्रचार-प्रसार करने के लिए पूरे प्रदेश में गांधी दर्शन यात्रा जारी है। यह यात्रा प्रत्येक ग्राम पंचायत में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से गांधी जी के विचारों का प्रचार-प्रसार कर रही है। रीवा जिले में 23 दिसंबर से सिरमौर विकासखंड में गांधी दर्शन यात्रा आरंभ हो गयी है। निर्धारित समय सारणी तथा रूट के अनुसार गांधी दर्शन यात्रा में शामिल तीन प्रचार वाहन ग्राम पंचायतों का लगातार भ्रमण कर रहे हैं। ग्राम पंचायत परिसर, स्कूलों तथा अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर इन प्रचार वाहनों द्वारा गांधी दर्शन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। गांधी दर्शन यात्रा से रीवा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में गांधी जी के विचारों का प्रचार प्रसार हो रहा है।
गांधी दर्शन यात्रा में शामिल तीन प्रचार वाहनों से अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। यात्रा के दौरान गांधी जी के विचारों और कार्यों से जुड़ी लघु फिल्में एलसीडी के माध्यम से दिखाई जाती हैं। आमजन बड़ी उत्सुकता के साथ इनका अवलोकन करते हैं। एक अन्य प्रचार वाहन में गांधी जी के विचारों से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई गयी है। साथ ही 6 लोक कलाकारों का दल गांधी दर्शन यात्रा में शामिल है। इन कलाकारों द्वारा लोक गीतों, लघु नाटिका तथा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से गांधी जी के विचारों का प्रचार प्रसार किया जा रहा है। विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से गांधी जी के सत्य अहिंसा के विचार, अश्पृस्यता निवारण, नशामुक्त, ग्राम स्वराज व्यवस्था, खादी वस्त्रों के उपयोग, जैविक खेती, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग तथा राष्ट्रीय एकता एवं साम्प्रदायिक सदभाव का प्रचार प्रसार किया जा रहा है।
रीवा जिले में गांधी दर्शन यात्रा सिरमौर विकासखंड में जारी है। गांधी दर्शन यात्रा अब तक ग्राम हिनौता-588, सदहना, उमरी, महारी, मराईला, बरौ, अमनौड़िया, सिरमौर, बड़वाह तथा बीरखाम में गांधी जी के विचारों का प्रचार प्रसार कर चुकी है। गांधी दर्शन यात्रा विकासखंड में 29 दिसंबर तक जारी रहेगी।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *