बुजुर्गों का अनुभव हमारे लिए प्रेरणा का कार्य करता है – कमिश्नर डॉ. भार्गव

कमिश्नर ने वृद्धाश्रम में पहुंचकर मनाई दीपावली

रीवा 29 अक्टूबर 2019. कमिश्नर रीवा संभाग डॉ. अशोक कुमार भार्गव ने स्वागत भवन स्थित वृद्धाश्रम में पहुंचकर वृद्धजनों के बीच दीपावली की खुशियां साझा की। उन्होंने वृद्धजनों को मिठाई बांटकर उनके साथ आतिशबाजी भी की। कमिश्नर डॉ. भार्गव ने वृद्धाश्रम का निरीक्षण भी किया और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कमिश्नर डॉ. भार्गव ने दीप पर्व के पावन अवसर पर वृद्धजनों को अच्छे स्वास्थ्य, आनंदमय और हर्षोल्लास के साथ जीवन व्यतीत करने की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था जिंदगी की हकीकत है जिसका सामना हर व्यक्ति को करना पड़ता है। बुजुर्गों का अनुभव हमारे लिए प्रेरणा का कार्य करता है। माता-पिता के आशीर्वाद से सारी समस्याएं हल हो जाती हैं। इसलिए बुजुर्गों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव होना चाहिए। कमिश्नर डॉ. भार्गव ने कहा कि हमारी संस्कृति प्रारंभ से ही सबके सुखी और निरोगी होने की कामना करती है। जैसे-जैसे आधुनिक सुविधाएं बढ़ रही हैं उससे हमारी औसत आयु भी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि नैतिक मूल्यों के संक्रमण के इस दौर में हम अपने संस्कार भूलते जा रहे हैं। हमारी कोशिश होनी चाहिए कि वृद्धाश्रम खोलने की जरूरत ही नहीं पड़े।
कमिश्नर डॉ. भार्गव ने कहा कि बुजुर्गों के कल्याण के लिए शासन द्वारा अपने स्तर पर कई प्रयास किये जा रहे हैं। माता-पिता के भरण-पोषण के लिए अधिनियम भी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के हालात को बदलने की आवश्यकता है। उन्होंने वृद्धाश्रम में अधिक से अधिक सुधार कराने के लिए वृद्धजनों को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि हम प्रारंभ से ही अपने बच्चों को संस्कार दें। जिस तरह दीपक अपनी रोशनी को बांटता है उसी तरह हम भी अपना दायित्व निभायेंगे तो वृद्धाश्रम खोलने की जरूरत नहीं होगी।
इस अवसर पर संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण अनिल कुमार दुबे, उप संचालक सतीश निगम, डॉ. एचपी सिंह, सुशीला द्विवेदी, डॉ. आरपी जोशी, डॉ. हर्ष सिंह, विजय शंकर मिश्रा, डॉ. वरुण मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *