कमिश्नर डॉ. भार्गव को नई दिल्ली में मिला राष्ट्रीय स्कॉच अवार्ड

रीवा 26 सितंबर 2019. कमिश्नर रीवा संभाग डॉ. अशोक कुमार भार्गव ने 25 सितंबर को नई दिल्ली में भारतीय संविधान क्लब के सभागार में राष्ट्रीय स्तर का प्रतिष्ठित स्वतंत्र सर्वोच्च स्कॉच अवार्ड मानव संसाधन विकास मंत्री श्री रमेश पोखरियाल निशंक के कर कमलों से प्राप्त किया। यह अवार्ड रीवा संभाग में दस्तक अभियान में असाधारण कार्य निष्पादन एवं नवाचार के लिए प्रदान किया गया है। भारत शासन के मानव संसाधन मंत्रालय के केबिनेट सचिव श्रीमती रीना रे, पूर्व मुख्य सचिव उत्तराखण्ड एम. रामचंद्रन एवं चेयरमैन स्कॉच ग्रुप श्री समीर कोचर की उपस्थिति में कमिश्नर डॉ. भार्गव को यह अवार्ड प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि रीवा संभाग में दस्तक अभियान 15 जून से 30 जुलाई 2019 तक आयोजित किया गया था। इस अभियान में रीवा संभाग ने अतुलनीय कार्य किया और संभाग के 10 लाख से अधिक 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को सेवाऐं प्रदान की गयी। इनमें मुख्य रूप से एनीमिया, कुपोषण, डायरिया, निमोनिया जन्मजात बीमारियों का ईलाज किया गया। अवार्ड प्राप्त करने में रीवा संभाग के डॉ. एन.पी. पाठक, उप संचालक क्षेत्रीय संचालनालय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग एवं श्री दीपक पाण्डेय यूनिसेफ के रीजनल समन्वयक रीवा की अहम भूमिका रही। उक्त अधिकारी अवार्ड सम्मान समारोह में कमिश्नर डॉ. भार्गव के साथ उपस्थित रहे।
कमिश्नर डॉ. अशोक कुमार भार्गव ने संभाग के सभी कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाऐं, समस्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, समस्त विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, महिला बाल विकास के संयुक्त संचालक, जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी, सभी मैदानी कार्यकर्ता डी.पी.एम., बी.पी.एम., बी.सी.एम., सुपरवाईजर, महिला बाल विकास एवं स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कार्यकर्ता ए.एन.एम., आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सभी को इस कार्यक्रम को सफल बनाने में उनके द्वारा किये गये योगदान की सराहना करते हुये बहुत-बहुत हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने अपेक्षा की है कि आगामी कार्यक्रमों में भी इसी तरह से कठिन परिश्रम कर संभाग की प्रतिष्ठा कायम करे और राष्ट्रीय स्तर पर रीवा संभाग का नाम रोशन करें।
कमिश्नर रीवा संभाग डॉ. अशोक कुमार भार्गव ने कहा है कि यह सम्मान वास्तव में रीवा संभाग के समस्त नन्हें बच्चों, उनकी माताओं, बहनों और समस्त जनता का सम्मान है। जिन्होंने सामुदायिक स्तर पर स्वास्थ्य के प्रति जन चेतना जगृति करने वाले दस्तक अभियान को कामयाब बनाने में अपना अहम योगदान दिया है। उन्होंने कहा है कि मानवीय कल्याण के ऐसे अनुष्ठानों में संभाग की जनता का निरंतर सहयोग आवश्यक है। उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में इसी तरह से संभाग की जनता का सहयोग मिलने की अपेक्षा की है ताकि रीवा संभाग उत्तरोत्तर प्रगति पथ पर अग्रसर होता रहे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *