मानवीय दायित्व का पालन करते हुए प्रकृति का संरक्षण करें – कमिश्नर डॉ. भार्गव

विश्व पर्यावरण दिवस पर होटल विंध्या रिट्रीट में कार्यक्रम आयोजित

रीवा 05 जून 2019. विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय म.प्र. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड रीवा द्वारा म.प्र. पर्यटन विकास निगम के होटल विंध्या रिट्रीट में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमिश्नर रीवा संभाग डॉ. अशोक कुमार भार्गव ने कहा कि हमारी संस्कृति में प्रकृति के विभिन्न उपादानों को ईश्वर के तुल्य माना जाता है। हमें प्रकृति की समृद्ध विरासत मिली है। हमारा कोई भी अनुष्ठान प्रकृति के सहयोग के बिना पूर्ण नहीं होता है। हमारी कोई भी परंपरा प्रकृति को नष्ट करने की शिक्षा नहीं देती।
कमिश्नर डॉ. भार्गव ने कहा कि प्रकृति के प्रति मानवीय दायित्व का पालन करते हुए प्रकृति का संरक्षण करना जरूरी है। पुराने समय में प्रकृति के प्रति हमारी अटूट श्रद्धा थी। धीरे-धीरे मानवीय क्रिया कलापों की वजह से प्रकृति में परिवर्तन हुआ है। आज धरती पर पानी की कमी हो रही है। हमारी कृषि मौसम पर निर्भर करती है। अच्छा मौसम जंगलों पर निर्भर करता है। निरंतर जंगल काटे जा रहे हैं जिस कारण पेड़ लगाने की जरूरत बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हम हमारे बुजुर्गों द्वारा सौंपी गई विरासत को पुनजीवित करने की कोशिश करें। लोग अपने स्वार्थ को पूरा करने के लिए प्रकृति को नुकसान पहुंचा रहे हैं। भौतिकता की चकाचौंध में लोग पर्यावरण को प्रदूषित कर रहे हैं। नदियां सूखती जा रहीं हैं। नई पीढ़ी को क्या पानी नसीब हो पायेगा, क्या उन्हें छाया प्राप्त होगी। इस दिशा में सोचने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण में बदलाव के कारण हमारी पीढ़ी खतरे में है। आने वाली पीढ़ी को हरा भरा माहौल देने के लिए पानी की मितव्ययिता पर ध्यान दें। सभी लोग पानी को बचाने का प्रयास करें। जन्मदिन, पूर्वजों की याद, शादी की वर्षगांठ, विशेष खुशी मिलने आदि अवसरों पर पौधा जरूर लगायें। धरा को सुरक्षित रखने का प्रयास करें। इंसान को घमंड नहीं करना चाहिए। प्रकृति के प्रकोप से बड़ा दुनिया में कोई नहीं होता है इस बात का ध्यान रखें। कार्यक्रम में क्षेत्रीय कार्यालय म.प्र. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी, न्यूरो सर्जन डॉ. दिनेश पटेल, प्रो. आर.एन. तिवारी, आर.एन. मिश्रा, वनमंडलाधिकारी आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम के पश्चात कमिश्नर डॉ. भार्गव ने पौधारोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित किये।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *