ब्रिटेन और रूस के बीच बढ़ा तनाव, रूस ने ब्रिटेन के 23 राजनयिकों को निकाला

पूर्व रूसी जासूस को ज़हर देने के मामले को लेकर ब्रिटेन और रूस के बीच तनाव औऱ बढ़ गया है, जिसके चलते रूस ने ब्रिटेन के 23 राजनयिकों को एक हफ्ते के अंदर देश छोड़ने को कहा है।

रूस ने ब्रिटेन के 23 राजनयिकों को अपने यहां से निष्कासित करते हुए उन्हें एक सप्ताह के अंदर रूस छोड़ने का समय दिया गया है। इसके बाद सेंट पीटर्सबर्ग में ब्रिटिश वाणिज्य दूतावास काम करना बंद कर देगा। रूस ने ये फ़ैसला पूर्व रूसी जासूस और उनकी बेटी पर ब्रिटेन में हमले के बाद दोनों देशों के बीच पैदा हुए तनाव के बाद लिया है।

इससे पहले ब्रिटेन ने 23 रूसी राजनायिकों को निष्कासित करने का फ़ैसला किया था। ब्रिटेन ने रूस पर आरोप लगाए हैं कि उसने एक पूर्व रूसी जासूस को ब्रिटेन में नर्व एजेंट के ज़रिए ज़हर देकर मारने की कोशिश की थी। ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरीज़ा मे ने संसद को बताया कि निष्कासित रूसी राजनयिक असल में अघोषित जासूस थे।

Facebook Comments Box