भारत-इज़राइल के बीच हुए 9 महत्वपूर्ण समझौते

भारत-इसराइल के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और अधिक मज़बूती देने के लिए आज दिल्ली के हैदराबाद हाउस में एक शिष्टमंडल स्तर की वार्ता हुई।  वार्ता के बाद दोनों देशों ने 9 विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

भारत और इसराइल ने साइबर सुरक्षा, तेल और प्राकृतिक गैस, एयर ट्रांसपोर्ट, फ़िल्म प्रोडक्शन, स्वास्थ्य क्षेत्र में होम्योपैथी के लिए सहयोग के साथ ही अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने, दोनों देशों के बीच निवेश बढ़ाने और आईओसीएल कॉप इन मेटल एयर बैटरी के साथ ही नवीनीकरण ऊर्जा सोलर के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

भारत-इजराइल के बीच सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने पर ज़ोर

 

दोनों देशों के बीच सहयोग को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इजराइल के पीएम नेतन्याहू का भारत दौरा बेहद अहम है।  साथ ही उन्होंने कहा कि दोनों देशों का आपसी संबंध नीतिगत मामलों पर बढ़ती सहमति ही है।

प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को मज़बूत बनाने पर भी ज़ोर दिया।  उन्होंने कहा कि इसराइल में जल्द ही एक सांस्कृतिक केंद्र बनाया जाएगा जो दोनों देशों के लोगों को क़रीब लाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने इजराइली प्रधानमंत्री की प्रशंसा करते हुए उम्मीद जताई कि दोनों देशों के संबंध एक नए आयाम पर पहुंचेंगे।

इज़राइली प्रधानमंत्री ने की पीएम मोदी की तारीफ़

 

इजराइली प्रधानमंत्री ने भी अपने संयुक्त बयान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक महान नेता बताया।  साथ ही उन्होने देशों देशों के सांस्कृति संबंधों को मज़बूत करने के और नई चुनौतियों से निपटने के लिए इसराइल और भारत के आपसी सहयोग पर ज़ोर दिया। उन्होने कहा कि किसी भी क्षेत्र में दोनों ही देश कम लागत के साथ ज़्यादा से ज़्यादा काम करने पर ज़ोर दे रहे हैं।

पीएम नेतन्याहू का राष्ट्रपति भवन में रस्मी स्वागत

 

भारत यात्रा पर आए इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक तौर पर स्वागत किया गया।  इस मौके पर उन्हें गार्ड ऑफ़ ऑनर भी दिया गया।  राष्ट्रपति भवन में इज़राइली प्रधानमंत्री का पीएम नरेंद्र मोदी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने स्वागत किया।

इज़राइली प्रधानमंत्री ने अपनी इस यात्रा को पूरे देश के लिए काफी अहम बताया।  उन्होंने कहा कि भारत-इज़राइल के बीच दोस्ती के नए युग की शुरुआत हो रही है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इज़राइल यात्रा के बाद दोनों देशों के बीच दोस्ती का जो रिश्ता कायम हुआ है उसमें और भी गर्मजोशी दिखाई दे रही है।

पीएम नेतन्याहू ने दी राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि

 

प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि स्थल राजघाट पहुंचे।  उन्होंने राष्ट्रपिता को श्रद्धासुमन अर्पित किए।  उन्होंने इस मौके पर विजिटर बुक में अपने विचार भी व्यक्त किए।

Facebook Comments Box