जयराम ठाकुर आज लेंगे हिमाचल के मुख्यमंत्री पद की शपथ

 हिमाचल प्रदेश में नई सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारी चल रही है। प्रदेश के नए सीएम जयराम ठाकुर नए मंत्रिमंडल की तैयारी में जुट चुके हैं। वो आज 27 दिसंबर को सीएम पद की शपथ लेनेवाले हैं। वो राज्य के 13वें मुख्यमंत्री होने जा रहे हैं।

 शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के अलावा बड़ी संख्या में केंद्रीय मंत्री और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री हिस्सा लेंगे । शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की भव्य तैयारियां की जा रही हैं।

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए पहले ही सुरक्षा का खाका तैयार किया जा चुका है। करीब एक हजार पुलिस कर्मियों को शपथ ग्रहण समारोह के दौरान तैनात किया जाएगा। इसके अलावा बडे पुलिस अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था देखेंगे । समारोह   स्थल के आसपास की सभी ऊंची इमारतों से निगरानी की जा रही है ।

राज्य विधानसभा चुनावों में मिली भारी जीत के बाद जयराम ठाकुर को रविवार को बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया था ।  लगातार 20 साल से विधायक   जयराम ठाकुर मंडी जिले की सिराज सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं । शपथ लेने से पहले ही जयराम ठाकुर एक्शन मोड में हैं । उन्होंने साफ कहा है कि राज्य का विकास उनकी सरकार की मुख्य प्राथमिकता  होगी ।

Facebook Comments Box