भाजपा कहती है जब तक राहुल गांधी मे दम है तब तक हम हैं

भाजपा कहती है जब तक राहुल गांधी मे दम है तब तक हम हैं

भाजपा कहती है कि जब तक राहुल गांधी में दम है, तब तक हमें किसी से डरने की जरूरत नहीं। पहली नजर में यह राजनीतिक व्यंग्य लगता है, लेकिन कांग्रेस की मौजूदा राजनीतिक रणनीति और राहुल गांधी के नेतृत्व का विश्लेषण करें तो इस कथन में काफी हद तक सच्चाई नजर आती है।

राहुल गांधी कांग्रेस की शीर्ष नेतृत्व की त्रिमूर्ति के एक महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ही आज कांग्रेस के सर्वेसर्वा हैं। कांग्रेस का जनाधार आज भी इतना बड़ा है कि देश के किसी न किसी राज्य में उसकी सरकार रहती है। इससे पहले केंद्र में भी कांग्रेस की सरकारें रही हैं। आज भी वह देश का प्रमुख विपक्षी दल है और लोकसभा में विपक्ष के नेता के रूप में राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने खड़े हैं।

लेकिन राहुल गांधी एक विरोधाभासी व्यक्तित्व के रूप में सामने आते हैं। उनकी राजनीतिक शैली कुछ ऐसी दिखाई देती है कि पहले खुद ही आग लगाते हैं, शोर मचाते हैं और फिर उस आग को बुझाने के बजाय पानी रखकर भागने जैसी हरकत करते हैं।

विपक्ष के पास सत्ता पक्ष को घेरने के लिए मुद्दों की कभी कमी नहीं होती। लेकिन मुद्दा उठाना और उसे राजनीतिक परिणाम तक पहुंचाना दो अलग-अलग बातें हैं। सवाल यह है कि क्या कांग्रेस और राहुल गांधी ऐसा कर पा रहे हैं? अभी तक वे ऐसा कोई प्रभावी राजनीतिक वातावरण खड़ा नहीं कर पाए हैं जिससे भाजपा को निर्णायक राजनीतिक नुकसान हुआ हो। इसके विपरीत, कई बार उनकी अपरिपक्व राजनीतिक गतिविधियों से भाजपा को ही फायदा मिलता दिखाई देता है।

कांग्रेस जिन कानूनों और व्यवस्थाओं को लेकर आज भाजपा को घेरने की कोशिश करती है, उनमें से कई की शुरुआत कांग्रेस के शासनकाल में ही हुई थी। भाजपा ने केवल उन कानूनों और व्यवस्थाओं की बड़ी समर्थक बनकर अपनी राजनीतिक जमीन तैयार की है। इसी तरह जिन वर्गों के लिए कांग्रेस सरकारें योजनाएं चलाती थीं, उनमें से अधिकांश योजनाएं भाजपा शासनकाल में भी जारी हैं। कई क्षेत्रों में उनका विस्तार भी हुआ है। ऐसे में केवल योजनाओं और विकास के मुद्दे पर भाजपा को घेरना कांग्रेस के लिए आसान नहीं है।

भ्रष्टाचार भी कोई नया राजनीतिक मुद्दा नहीं है। कांग्रेस का अपना अतीत भी इस मामले में सवालों से घिरा रहा है। कुल मिलाकर कांग्रेस के सामने चुनौती यह है कि वह ऐसा कौन-सा प्रभावी मुद्दा उठाए, जिसे जनता के बीच विश्वसनीयता के साथ परिणाम तक पहुंचाया जा सके।

विडंबना यह है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में जब-जब कांग्रेस भाजपा को घेरने के लिए कोई बड़ा राजनीतिक मुद्दा खड़ा करती है, कई बार अपनी ही रणनीति से उस मुद्दे की धार कुंद कर देती है।

हाल में सोनिया गांधी की जीवनी से जुड़ी पुस्तक के विमोचन के अवसर पर भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। कांग्रेस के पास एक राजनीतिक और वैचारिक विमर्श खड़ा करने का अवसर था, लेकिन गलत तथ्यों और उसके बाद राहुल गांधी की विवादास्पद टिप्पणियों ने उस अवसर को कमजोर कर दिया।

इसलिए भाजपा के लोग जब कहते हैं कि राहुल गांधी के प्रदर्शन से कुछ नहीं होने वाला और भाजपा अगले तीस वर्षों तक सत्ता में रहेगी, तो इसे केवल राजनीतिक अहंकार कहकर खारिज नहीं किया जा सकता। विपक्ष की मौजूदा कार्यशैली भी भाजपा को ऐसे दावे करने का अवसर देती है।

राहुल गांधी और उनकी टीम सांसद भवन के बाहर प्रतीकात्मक संसद बनाकर सरकार का विरोध करती है। जबकि राहुल गांधी स्वयं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। उनके पास अपने सहयोगी दलों के साथ अच्छी-खासी संख्या में सांसद हैं। उनके पास संसद के भीतर सरकार को घेरने, सवाल पूछने, बहस करने और नीतियों को चुनौती देने के संवैधानिक और लोकतांत्रिक अवसर मौजूद हैं। फिर संसद के बाहर प्रतीकात्मक विरोध की ऐसी राजनीति का औचित्य क्या है?

‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ जैसे नारे लगाना और प्रधानमंत्री से इस्तीफा मांगना राजनीतिक विरोध का हिस्सा हो सकता है, लेकिन विरोध का भी एक स्तर और मर्यादा होती है। ऐसा व्यवहार करना मानो प्रधानमंत्री को नियुक्त करने का अधिकार कांग्रेस के पास था और अब वह उन्हें पद से हटाने का आदेश दे रही है, राजनीतिक अपरिपक्वता का परिचायक है।

जनता के जनादेश को केवल नारों और भीड़ के सहारे खारिज नहीं किया जा सकता। लोकतंत्र में सरकारें जनता के वोट से बनती हैं और जनता के वोट से ही बदलती हैं। भारत की तुलना नेपाल और बांग्लादेश की राजनीतिक परिस्थितियों से करना भी समझदारी नहीं है। दोनों देशों की ऐतिहासिक, सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियां अलग हैं। भारत जैसे विशाल लोकतंत्र को उन देशों के घटनाक्रम के आधार पर समझने या वहां जैसी राजनीतिक परिस्थितियां पैदा करने की कल्पना करना उचित नहीं है।

राहुल गांधी की राजनीति का एक और विरोधाभास यह है कि वे अपनी राजनीतिक लड़ाई को देश के भीतर मजबूत करने के बजाय कई बार विदेशों में भी भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संस्थाओं पर सवाल उठाते दिखाई देते हैं। आखिर विदेशी मंचों पर भारत की आंतरिक राजनीतिक समस्याओं को उठाकर वे किसे लाभ पहुंचाना चाहते हैं? लोकतंत्र में सरकार की आलोचना जरूरी है, लेकिन देश की संस्थाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति विश्वास बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है।

राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व ने अपनी राजनीतिक पहचान को भाजपा और हिंदुत्व के विरोध के इर्द-गिर्द इतना केंद्रित कर लिया है कि उन्हें लगता है कि भाजपा से नाराज मुसलमानों और भाजपा को वोट न देने वाले हिंदुओं का समर्थन मिल जाने से सत्ता का रास्ता आसान हो जाएगा। लेकिन वे यह भूल जाते हैं कि इन वर्गों का मतदाता भी एकजुट नहीं है। उनकी अपनी राजनीतिक पसंद, प्राथमिकताएं और अलग-अलग दलों के प्रति निष्ठाएं हैं।

दूसरी तरफ भाजपा अपने समर्थक मतदाताओं को एकजुट रखने के साथ-साथ कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के वोट बैंक में भी सेंध लगाने का प्रयास करती है। कांग्रेस जिन मतदाताओं को अपने पक्ष में लाने की कोशिश करती है, उनमें भी अनेक राजनीतिक विकल्प मौजूद हैं। उसके सहयोगी दल भी अपने-अपने राजनीतिक हितों के लिए कांग्रेस के सामने चुनौती खड़ी करते रहते हैं। ऐसे में कांग्रेस की रणनीति केवल भाजपा विरोध के सहारे सफल नहीं हो सकती।

एक कहावत है कि ‘सिखाई बुद्धि दरबार नहीं जाती।’ राहुल गांधी की राजनीति पर यह कहावत कई बार सटीक बैठती दिखाई देती है। विदेशों में वे जो राजनीतिक बातें करते हैं, भारत लौटकर उनकी राजनीतिक गतिविधियों में वैसी निरंतरता और रणनीतिक परिपक्वता दिखाई नहीं देती। ऐसा लगता है कि वे अपनी राजनीति की दिशा और प्राथमिकताओं को लेकर स्वयं भी स्पष्ट नहीं हैं।

राहुल गांधी न तो स्वाभाविक रूप से जननेता के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर पाए हैं और न ही भारतीय समाज की विविधताओं, उसकी मानसिकता और मतदाता के मनोविज्ञान को समझने वाले नेता के रूप में विश्वसनीयता हासिल कर पाए हैं। केवल भाषणों, नारों और विरोध प्रदर्शनों से देश की राजनीति में निर्णायक बदलाव नहीं लाया जा सकता।

इसलिए भाजपा का यह कहना कि जब तक राहुल गांधी में दम है, तब तक भाजपा को चिंता करने की जरूरत नहीं, पूरी तरह निराधार भी नहीं है। विपक्ष का काम केवल सत्ता का विरोध करना नहीं, बल्कि जनता के सामने एक विश्वसनीय विकल्प प्रस्तुत करना है। कांग्रेस के पास संगठन है, इतिहास है, सांसद हैं, सहयोगी दल हैं और एक बड़ा राजनीतिक आधार भी है। कमी है तो एक प्रभावी रणनीति, स्पष्ट विचारधारा और परिणाम देने वाले नेतृत्व की।

सबसे बड़ी विडंबना यह है कि भाजपा को चुनौती देने की क्षमता रखने वाली कांग्रेस कई बार अपनी ही राजनीतिक गलतियों से भाजपा को मजबूत कर देती है। भाजपा को हराने के लिए भाजपा विरोधी होना पर्याप्त नहीं है। उसके मुकाबले एक बेहतर राजनीतिक विकल्प बनना जरूरी है।

और जब तक राहुल गांधी इस बुनियादी राजनीतिक अंतर को नहीं समझेंगे, तब तक भाजपा को सत्ता में बने रहने के लिए विपक्ष से बहुत ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

18 नवंबर 2026

अजय नारायण ‌‌त्रिपाठी “ अलखू ”

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *