तेल के खेल में न जाति देखी जाती है, न धर्म, न भाषा, न देश!

तेल के खेल में न जाति देखी जाती है, न धर्म, न भाषा, न देश!
तेल की जरूरत देखी जाती है, न धर्म, न भाषा, न देश। जीवाश्म ईंधन यानी तेल और गैस आज पूरी दुनिया के विकास का इंजन चला रहे हैं। इनके बिना दुनिया की रफ्तार थम जाएगी। ‘सब जग सूना-सूना लागे’ वाली स्थिति पैदा हो जाएगी। जीवाश्म ईंधन के बिना आज की रोजमर्रा की जिंदगी जीना भी मुश्किल हो जाएगा।
गैस, पेट्रोल, डीजल, विमान ईंधन, कोलतार, जेली, प्लास्टिक और खाद से लेकर उद्योगों और परिवहन तक, आज की दुनिया का बड़ा हिस्सा तेल और गैस पर निर्भर है। इनके बिना आधुनिक विकास की कल्पना करना कठिन है। जब से इन ईंधनों से चलने वाले इंजन अस्तित्व में आए हैं, दुनिया का काम आसान हुआ है। परिवहन तेज हुआ है और दुनिया का एक सिरा दूसरे सिरे से जुड़ गया है। आज यदि अचानक ये ईंधन उपलब्ध न हों तो पूरी दुनिया गंभीर संकट में आ जाएगी।
परमाणु ऊर्जा, सौर ऊर्जा, जल ऊर्जा और पवन ऊर्जा जैसे वैकल्पिक स्रोत लगातार महत्वपूर्ण होते जा रहे हैं, लेकिन अभी ये सभी मिलकर भी जीवाश्म ईंधन की जगह पूरी तरह नहीं ले पाए हैं।
जिन देशों में जीवाश्म ईंधन के विशाल भंडार मिले हैं, वे अपनी जरूरतों से कहीं अधिक उत्पादन करके दुनिया के बड़े तेल व्यापारिक देश बन गए हैं। इनमें से कई देश कभी गरीब देशों की श्रेणी में गिने जाते थे, लेकिन आज तेल की बदौलत अमीर देशों में शामिल हैं। मौजूदा दौर में तेल और टेक्नोलॉजी ऐसे दो क्षेत्र हैं, जो किसी देश की आर्थिक हैसियत तय करने में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। जिसके पास तेल है या उन्नत टेक्नोलॉजी है, उसके पास आर्थिक ताकत है। बाकी देश इन पर निर्भर रहने को मजबूर हैं।
कह सकते हैं कि तेल आज दुनिया का माई-बाप बन गया है।
अमेरिका जैसा शक्तिशाली देश भी अपने डॉलर की वैश्विक प्रासंगिकता बनाए रखने और अपने आर्थिक हितों की रक्षा के लिए तेल को एक हथियार की तरह इस्तेमाल करता है। तेल ऐसी चीज है, जिसके लिए न भाषा देखी जाती है, न धर्म, न जाति और न ही देश। जहां से मिल जाए, वहीं से ले लो। स्थिति ऐसी है कि पहले भूख मिटाओ, बाद में देखो कि रोटी कहां से आई है।
अरब देश भी इसी तेल के दम पर इठलाते और फुदकते हैं। अमेरिका जिस रूस से तेल खरीदने पर दूसरे देशों को प्रतिबंधों की चेतावनी देता रहा है, आज ईरान से जुड़े तेल संकट और वैश्विक आपूर्ति की परिस्थितियों में खुद भी रूसी तेल की ओर देखने को मजबूर हो गया है। यानी दूसरों को रूस से तेल खरीदने से रोकने वाला अमेरिका भी अपनी जरूरत के हिसाब से रूस से तेल लेने की संभावना तलाशता है। यह अंतरराष्ट्रीय राजनीति और आर्थिक हितों का असली चेहरा है।
अमेरिका एक व्यापारी देश है। वह जानता है कि अस्पताल की उपयोगिता तभी तक है, जब तक मरीज मौजूद हैं और मरीज के पास इलाज कराने के पैसे भी हैं। इसी तरह अमेरिका अपने व्यापार और आर्थिक व्यवस्था को बचाए रखने के लिए दुनिया में ऐसी आर्थिक परिस्थितियां बनाए रखना चाहता है, जहां लोग सामान खरीद सकें, लेकिन इतने सक्षम न हो जाएं कि हर चीज खुद बनाने लगें। वे इतने गरीब भी न रहें कि सामान खरीद ही न सकें। यानी दुनिया उपभोक्ता बनी रहे और उसकी बाजार व्यवस्था चलती रहे।
ईरान से तेल आने में समस्या खड़ी होती है तो वेनेजुएला के तेल की तरफ भी नजर जाती है। वेनेजुएला के भारी कच्चे तेल को भारतीय रिफाइनरियों में लाकर परिष्कृत करने की संभावनाएं भी इसी वैश्विक तेल व्यापार का हिस्सा हैं। जिस भारत पर अमेरिका कभी प्रतिबंधों का दबाव बनाता है, उसी भारत की रिफाइनिंग क्षमता और कारोबारी सहयोग की जरूरत भी उसे पड़ रही है।
वेनेजुएला का भारी कच्चा तेल परिष्कृत करना तकनीकी रूप से आसान काम नहीं है। भारत की रिलायंस इंडस्ट्रीज की जामनगर रिफाइनरी जैसी आधुनिक रिफाइनरियां इस तरह के भारी और जटिल कच्चे तेल को संसोधित करने की क्षमता रखती हैं। यही कारण है कि तेल के कारोबार में भारत की रिफाइनिंग क्षमता का महत्व भी बढ़ जाता है।
आगे यदि अमेरिका में भी भारतीय उद्योगपतियों की रिफाइनिंग परियोजनाएं स्थापित होती हैं, तो वहां भी भारतीय कारोबारी तकनीक और निवेश की भूमिका दिखाई दे सकती है। जरूरत पड़ने पर वही तेल अमेरिका की अपनी जरूरत पूरी करेगा और अतिरिक्त उत्पादन दूसरे देशों को भी भेजा जा सकेगा।
अमेरिका की इस नीति को समझना हो तो कह सकते हैं कि एक तरफ आंख दिखाना और दूसरी तरफ आंख लड़ाना इसी को कहते हैं। जरूरत है तो ‘इलू-इलू’, नहीं तो ‘कौन है तू’ वाली बात है। अंतरराष्ट्रीय संबंधों में स्थायी दोस्ती और दुश्मनी से ज्यादा महत्वपूर्ण आर्थिक हित होते हैं।
इसलिए आज सवाल यह नहीं है कि तेल कहां से आ रहा है, बल्कि सवाल यह है कि तेल कहां से मिल सकता है और किस तरीके से मिल सकता है। इस कारोबार में जाति, धर्म, भाषा और देश की सीमाएं पीछे छूट जाती हैं।
जिन देशों के यहां तेल का उत्पादन होता है, वे उसे बेचकर अपनी अर्थव्यवस्था चलाना चाहते हैं। जिन देशों को तेल की जरूरत है, वे उसे खरीदकर अपने उद्योग, परिवहन और विकास की रफ्तार बनाए रखना चाहते हैं।
आज तेल ही है, जो पूरी दुनिया को एक सूत्र में बांध रहा है। टेक्नोलॉजी भले ही रथ पर सवार होकर दुनिया को एक-दूसरे के करीब लाती दिखाई देती हो, लेकिन उस रथ को चलाने वाली ऊर्जा का बड़ा आधार आज भी तेल और गैस ही हैं।
कट्टर से कट्टर देश भी उन देशों से बड़े प्रेम और सम्मान से बात करता है, जिनके पास तेल है। और तेल बेचने वाले देश भी उन देशों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखना चाहते हैं, जिन्हें अपना तेल बेचना है।
कुल मिलाकर, तेल के इस वैश्विक खेल में न जाति देखी जाती है, न धर्म, न भाषा और न ही देश। यहां रिश्ते भी जरूरत से बनते हैं, दोस्ती भी जरूरत से होती है और दुश्मनी भी जरूरत के हिसाब से बदल जाती है।
क्योंकि तेल के खेल में सबसे ऊपर है—तेल की जरूरत!
12 नवंबर 2026
अजय नारायण त्रिपाठी “ अलखू ”