उप मुख्यमंत्री ने झलबदरी तालाब तथा पाथवे का किया लोकार्पण

उप मुख्यमंत्री ने झलबदरी तालाब तथा पाथवे का किया लोकार्पण
पर्यावरण और जल संरक्षण से ही मानव जीवन का संरक्षण होगा – उप मुख्यमंत्री
रीवा 06 नवम्बर 2026. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने नगर निगम के वार्ड क्रमांक 9 में झलबदरी
तालाब के उन्नयन तथा सौंदर्यीकरण कार्य एवं पाथवे निर्माण का लोकार्पण किया। इसका निर्माण नगर निगम द्वारा
अमृत-2 योजना से 206.80 लाख रुपए की लागत से किया गया है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक
झलबदरी तालाब के निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य डोंगरा हनुमान जी की कृपा से पूरा हो गया है। यहाँ सुंदर पाथवे में
घूमने वालों को एक ओर जल और दूसरी ओर सघन वन की हरियाली मिल रही है। वृक्ष धरती का श्रृंगार और जीवों के
लिए आक्सीजन का मुख्य स्रोत हैं। पर्यावरण और जल संरक्षण से ही मानव जीवन का संरक्षण होगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि झलबदरी तालाब का निर्माण प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की अमृत-2
योजना से हुआ है। बाईपास निर्माण के लिए तालाब की मिट्टी का उपयोग करने से इसका गहरीकरण हो गया। अब इसमें
पर्याप्त पानी उपलब्ध है। इस तालाब का सर्वाधिक लाभ विश्वविद्यालय तथा उसकी कालोनी के निवासियों को मिलेगा।
विश्वविद्यालय ने जमीन देकर तालाब निर्माण और फिल्टर प्लांट निर्माण में सराहनीय योगदान दिया है। झलबदरी तालाब
की ही तरह कुबेर तालाब और चोरहटा के रानी तालाब का भी विकास और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। रीवा में वर्तमान में
कई निर्माण कार्य चलने के कारण चारों ओर धूल रहती है। सड़कों के निर्माण तथा सुधार का कार्य आयुक्त नगर निगम
शीघ्र पूरा कराएं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत-2 योजना से रीवा की पेयजल समस्या पूरी तरह से दूर हो जाएगी।
समारोह में अध्यक्ष नगर निगम श्री व्यंकटेश पाण्डेय ने कहा कि तालाब के निर्माण में कई बाधाएं आईं।
उप मुख्यमंत्री जी के विशेष प्रयासों से रीवा को झलबदरी तालाब के रूप में बड़ी सौगात मिली है। अवधेश प्रताप सिंह
विश्वविद्यालय के कुलगुरू श्री राजेन्द्र कुमार कुड़रिया ने कहा कि झलबदरी तालाब के रूप में विश्वविद्यालय को सौगात
मिल रही है। तालाब का स्वच्छ पानी और पंक्षियों के कलरव से मन प्रसन्न हो जाता है। समारोह में आयुक्त नगर निगम
अक्षत जैन ने बताया कि तालाब का क्षेत्रफल 18 एकड़ है। इसके पाथवे के निर्माण के साथ बेंच और लाइटें लगाई गई हैं।
इसमें 2200 लाख लीटर पानी संचित है। समारोह में पार्षद श्रीमती विमला सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उप
मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना करके निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। उप मुख्यमंत्री ने धनतेरस के अवसर पर
तालाब में श्रद्धापूर्वक दीपदान किया। समारोह में पार्षदगण, श्रीमती वंदना सिंह, श्री सतीश सिंह, श्री दारा सिंह, श्री
छोटेलाल सिंह, श्री प्रदीप गौतम सुमन, श्री विकास सिंह, श्री शिवम द्विवेदी, श्री विकास मिश्रा तथा बड़ी संख्या में आमजन
उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *