पैरामेडिकल महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया 15 नवम्बर के पूर्व करें पूर्ण: उप मुख्यमंत्री

पैरामेडिकल महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया 15 नवम्बर के पूर्व करें पूर्ण: उप मुख्यमंत्री
रीवा 04 नवम्बर 2026. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा
शिक्षा विभाग की वृहद समीक्षा की। बैठक में प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार, स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ
चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता, मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं के विकास, मानव संसाधन की पूर्ति
तथा विभागीय भर्ती एवं प्रवेश प्रक्रियाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने सभी महत्वपूर्ण कार्यों को
निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने और लंबित प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने प्रदेश
में संचालित पैरामेडिकल महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रवेश की समस्त कार्यवाही
15 नवम्बर तक पूरी करें। उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 5 पुराने मेडिकल कॉलेजों में मेडिकल ऑनकोलॉजी एवं सर्जिकल
ऑनकोलॉजी विभाग विकसित करने की कार्यवाही प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैंसर
रोगियों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में इन विभागों का विकास महत्वपूर्ण है। इसके लिए
आवश्यक चिकित्सा उपकरणों, विशेषज्ञ मानव संसाधन एवं अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की
जाए। उप मुख्यमंत्री ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की विभागीय स्तर पर नियुक्ति के लिए आवश्यक विज्ञापन शीघ्र जारी करने
के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के लिए महत्वपूर्ण है।
इनकी नियुक्ति प्रक्रिया समय पर पूरी करें। अस्पताल प्रबंधकों की काउंसलिंग तथा आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती प्रक्रिया
भी समय-सीमा में पूरी करें। उप मुख्यमंत्री ने ग्वालियर मेडिकल कॉलेज में सीटीवीएस (कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर
सर्जरी), इम्यूनोहेमेटोलॉजी एवं ब्लड ट्रांसफ्यूजन विभाग के सृजन की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में
संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।