खेल हमें अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की सीख देते हैं – उप मुख्यमंत्री

उप मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता का किया शुभारंभ
खेल हमें अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की सीख देते हैं – उप मुख्यमंत्री
रीवा 01 नवम्बर 2026. उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने उत्कृष्ट विद्यालय मार्तंड क्रमांक एक के मैदान
में आयोजित 70वीं शालेय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ ध्वज फहराकर किया। इस प्रतियोगिता में राज्य के सभी संभागों
के 19 वर्ष तक आयु वर्ग के बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता 5 नवंबर तक जारी रहेगी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि फुटबॉल अत्यंत लोकप्रिय खेल है। रीवा में फुटबॉल की शानदार परंपरा रही है।
राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। जो खिलाड़ी
आज प्रतियोगिता में शामिल हो रहे हैं वे आगे देश के लिए अपना कौशल दिखाएंगे। खेल हमें अनुशासन और स्वस्थ
प्रतिस्पर्धा की सीख देते हैं। खेलों में हारने वाला सबसे पहले जीतने वाले को बधाई देता है। ऐसे भाईचारे की पूरे समाज को
आवश्यकता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश भर से रीवा आये खिलाड़ियों को व्हाइट टाइगर सफारी मुकुंदपुर का भ्रमण
अवश्य करायें। समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी पीएल मिश्रा ने खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन का प्रतिवेदन प्रस्तुत
किया। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता, श्री राजगोपाल
मिश्रचारी, श्री विक्रम सिंह, श्री रवीन्द्रनाथ, सहायक संचालक राजेश मिश्रा, प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय आरके जैन, खेल
अधिकारी चंदन सिंह, विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ी तथा , विद्यार्थी उपस्थित रहे।