रीवा के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की व्यवस्थाओं से एनएबीएच टीम संतुष्ट

रीवा के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की व्यवस्थाओं से एनएबीएच टीम संतुष्ट
मरीजों को मिल रही सुविधाओं और चिकित्सकों के समर्पण की हुई सराहना
उप मुख्यमंत्री ने आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार का दिया भरोसा
रीवा 01 नवम्बर 2026. विंध्य की स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से रीवा से एक उत्साहजनक खबर सामने
आई है। संभाग के प्रमुख चिकित्सा केंद्र सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही उपचार सुविधाओं
और चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंची नेशनल एक्रिडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स की तीन
सदस्यीय टीम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष जाहिर किया है। तीन दिनों तक चले सघन निरीक्षण के दौरान टीम
ने अस्पताल के विभिन्न विभागों, वार्डों, चिकित्सा कक्षों और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का बारीकी से मूल्यांकन
किया। निरीक्षण के बाद टीम के सदस्यों ने न केवल अस्पताल की व्यवस्थाओं की सराहना की, बल्कि यहां सेवाएं दे रहे
चिकित्सकों के समर्पण और सेवा भावना को भी विशेष रूप से उल्लेखनीय बताया। टीम की ओर से यह टिप्पणी भी सामने
आई किरीवा का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। खास बात यह रही
कि बिना इंसेंटिव के सेवाएं दे रहे चिकित्सकों के समर्पण को टीम ने सराहनीय बताते हुए इसे अस्पताल की महत्वपूर्ण
विशेषता माना। टीम के सदस्यों ने अस्पताल को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में प्रयास करने और आधुनिक
चिकित्सा उपकरणों एवं उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया।

दरअसल, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में उपचार की गुणवत्ता, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं और
अस्पताल की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन करने के उद्देश्य से एनएबीएच की तीन सदस्यीय टीम रीवा पहुंची थी। टीम में
मुंबई से आए दो चिकित्सक और रायबरेली एम्स की एक महिला चिकित्सक शामिल थीं। तीन दिनों तक चले निरीक्षण में
टीम ने अस्पताल के अलग-अलग विभागों, वार्डों, चिकित्सा कक्षों और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा
लिया। निरीक्षण के दौरान मरीजों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं, उपचार की प्रक्रिया, अस्पताल की व्यवस्थाओं और
चिकित्सकीय सेवाओं की गुणवत्ता को परखा गया। टीम ने विभिन्न विभागों में पहुंचकर वहां की कार्यप्रणाली को समझा और
स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े पहलुओं का मूल्यांकन किया। निरीक्षण के बाद एनएबीएच टीम की प्रतिक्रिया अस्पताल के
चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ के लिए उत्साह बढ़ाने वाली रही। टीम ने कहा कि सीमित परिस्थितियों के बीच भी
अस्पताल में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल केवल रीवा जिले ही नहीं,
बल्कि पूरे विंध्य क्षेत्र और आसपास के जिलों के मरीजों के लिए भी महत्वपूर्ण चिकित्सा केंद्र है। गंभीर बीमारियों के उपचार
और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की उम्मीद लेकर बड़ी संख्या में मरीज यहां पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल की व्यवस्थाओं का
बेहतर होना और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होना पूरे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर
पर अस्पताल की पहचान स्थापित करने के लिए आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, उच्च गुणवत्ता वाले इक्विपमेंट और उपचार
सुविधाओं को लगातार उन्नत करने की जरूरत भी सामने आई है।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने भी एनएबीएच टीम से मुलाकात की। इस
दौरान उन्होंने रीवा की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा
सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर और आधुनिक उपचार उपलब्ध कराने
के लिए सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि रीवा की स्वास्थ्य व्यवस्था को और
मजबूत बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि विंध्य क्षेत्र के मरीजों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे
बड़े शहरों की ओर रुख न करना पड़े और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें। एनएबीएच
की तीन सदस्यीय टीम के निरीक्षण के दौरान श्यामशाह मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. शशिधर गर्ग, सुपर स्पेशियलिटी
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अक्षय श्रीवास्तव, कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. वी.डी. त्रिपाठी, यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. पुष्पेंद्र
शुक्ला, न्यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. रंजीत झा, एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. आलोक सिंह, डॉ. आशीष घनघोरिया सहित
मेडिकल स्टाफ के सत्या, पवन त्रिपाठी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *