स्वागतम लक्ष्मी अभियान के तहत जन्मी बेटियों का किया गया सम्मान

स्वागतम लक्ष्मी अभियान के तहत जन्मी बेटियों का किया गया सम्मान

रीवा 02 अगस्त 2026. बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत संचालित “स्वागतम लक्ष्मी अभियान” के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला रीवा द्वारा जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय बिछिया, रीवा के प्रसूति वार्ड में जन्मी बालिकाओं के स्वागत एवं सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान नवजात बालिकाओं के जन्म पर उत्सव मनाते हुए उनकी माताओं एवं परिजनों का सम्मान किया गया तथा उन्हें बेटी के जन्म की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से प्रत्येक नवजात बालिका के लिए सम्मान स्वरूप स्वच्छता किट प्रदान की गई। इस अवसर पर एक ही दिवस में कुल 11 नवजात बालिकाओं को स्वच्छता किट वितरित कर उनके परिवारों का अभिनंदन किया गया तथा बेटियों का लक्ष्मी स्वरूप स्वागत किया गया। यह गतिविधि महिला एवं बाल विकास विभाग के वन स्टॉप सेंटर की टीम द्वारा नियमित रूप से प्रत्येक माह जिला चिकित्सालय बिछिया, रीवा में संचालित की जाती है। अभियान के माध्यम से अस्पताल में जन्म लेने वाली बालिकाओं का स्वागत, उनकी माताओं का सम्मान तथा नवजात शिशु एवं मातृ स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जाता है। विभाग की इस सराहनीय पहल की उपस्थित परिजनों एवं अस्पताल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मुक्त कंठ से प्रशंसा की गई। यह अभियान समाज में बेटी के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने, लिंग समानता को बढ़ावा देने तथा “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *