खाद्यान्न का समय पर उठाव और वितरण सुनिश्चित करें – कलेक्टर

खाद्यान्न का समय पर उठाव और वितरण सुनिश्चित करें – कलेक्टर
खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी करने वालों को भेजा जाएगा जेल – कलेक्टर

रीवा 03 सितम्बर 2026. कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि उचित मूल्य दुकानों के लिए खाद्यान्न का समय पर आवंटन और उठाव कराकर दुकानों में भण्डारित कराएं। सेल्समैन हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न वितरित करें। सेल्समैन और समिति प्रबंधक के वेतन से नमक की राशि जमा कराएं। जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम शेष 170 दुकानों में तत्काल खाद्यान्न की आपूर्ति कराएं। अभी हितग्राहियों को दो माह का खाद्यान्न एक साथ दिया जा रहा है। खाद्यान्न के परिवहन और वितरण में लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी सहायक खाद्य अधिकारी उचित मूल्य दुकानों का नियमित निरीक्षण करें। खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी करने वालों के विरूद्ध प्रकरण दर्ज कर जेल भेजें।

कलेक्टर ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के छूटे हुए 31709 हितग्राहियों में से केवल 9000 की ही ई केवाईसी की गई है। एक सप्ताह में शेष सभी की ई केवाईसी करा दें। नागरिक आपूर्ति निगम गेंहू और चावल का एक साथ परिवहन कराकर उचित मूल्य दुकानों में पहुंचाएं। बाढ़ के कारण जिन क्षेत्रों में खाद्यान्न वितरण नहीं हो सका है वहाँ वितरण के लिए समय सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव तत्काल वरिष्ठ कार्यालय को भेजें। कलेक्टर ने फोन के माध्यम से एसडीएम सिरमौर को खाद्यान्न की राशि की सेल्समैन से वसूली के लिए कुर्की की कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि गरीबों के हक के खाद्यान्न को हड़पने वाले सेल्समैन और समिति प्रबंधकों के विरूद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई करें।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए 15 सितम्बर से पंजीयन होगा। केवल फार्मर आईडी वाले किसानों का ही पंजीयन किया जाएगा। राजस्व और कृषि विभाग का मैदानी अमला अभियान चलाकर शेष किसानों की फार्मर आईडी बनाए। खरीदी के लिए बनाए गए पंजीयन केन्द्रों पर भी फार्मर आईडी बनाने की सुविधा दें। कलेक्टर ने सभी किसानों से फार्मर आईडी बनवाने की अपील की है। कलेक्टर ने कहा कि उपार्जन के लिए पंजीकृत किसानों का राजस्व अधिकारियों द्वारा सत्यापन किया जाएगा। इसके अलावा कृषि तथा अन्य विभागों के अधिकारी 10 प्रतिशत किसानों का रैंडम सत्यापन करेंगे। केवल वास्तविक किसानों को ही समर्थन मूल्य पर उपार्जन का लाभ दिया जाएगा। बैठक में कलेक्टर ने जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम तथा सभी जेएसओ को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि गोदामों में भण्डारित धान की तत्काल मिलिंग शुरू कराएं। गेंहू और चावल की उचित मूल्य दुकानों को आपूर्ति के साथ-साथ अन्य जिलों को भेजें जिससे उपार्जित धान को भण्डारित करने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सके। बैठक में कलेक्टर ने धान उपार्जन की तैयारी, किसानों के सत्यापन तथा खाद्यान्न के परिवहन के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *