बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत मेधावी बालिकाओं का किया गया सम्मान

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत मेधावी बालिकाओं का किया गया सम्मान

रीवा 30 जून 2026. महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत प्रथम त्रैमास की निर्धारित गतिविधि कैलेण्डर के अनुसार कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में मेधावी बालिका सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले की विभिन्न प्रतिभाशाली बालिकाओं एवं महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों एवं उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान छोटी-छोटी बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत कथक नृत्य ने उपस्थित जनसमूह का विशेष रूप से मन मोह लिया। बालिकाओं ने गूंज महोत्सव में सहभागिता कर अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा एवं आत्मविश्वास का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें भाषण, नृत्य, गायन, वादन एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल रहीं। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को आत्मनिर्भरता, शिक्षा एवं सामाजिक सहभागिता के प्रति प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह के मार्गदर्शन में समाज सेविका सीमा श्रीवास्तव के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। उपस्थित अधिकारियों एवं अतिथियों द्वारा बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने, आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य प्राप्त करने तथा समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन बालिका सशक्तिकरण एवं महिला सम्मान के संदेश के साथ किया गया।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *