स्वरोजगार योजनाओं के प्रकरणों के निराकरण में तत्परता बरतें – प्रभारी कलेक्टर

स्वरोजगार योजनाओं के प्रकरणों के निराकरण में तत्परता बरतें – प्रभारी कलेक्टर
जिला स्तरीय बैंकर्स सलाहकार समिति की बैठक में दिए गए निर्देश

रीवा 29 जून 2026. कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में जिला स्तरीय बैंकर्स सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन ने कहा कि सभी बैंकर्स बैंकों में रोजगारमूलक योजनाओं के लंबित आवेदन पत्रों में निराकरण करके स्वीकृत ऋण का वितरण कराएं। सभी रोजगारमूलक योजनाओं की लक्ष्य पूर्ति समय सीमा में शत-प्रतिशत करें। आवेदन पत्रों की स्वीकृति में देरी और अनावश्यक आपत्ति सहन नहीं की जाएगी। हम सबको मिलकर जनकल्याण की योजनाओं के लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करना है। स्वनिधि योजना में पथ विक्रेताओं को क्रेडिट कार्ड उपल्ब्ध कराएं। उन्होने बैंक शाखा प्रबंधकों को सीडी रेशियो में सुधार लाने के निर्देश दिए। सेन्ट्रल बैंक सहित अन्य बैंकों में स्वरोजगार योजनाओं के प्रकरणों में कम उपलब्धि पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। प्रभारी कलेक्टर ने कहा कि रीवा शहर में वर्षाऋतु के दौरान एक लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें सहभागिता निभाते हुए सभी बैंक एक-एक हजार पौधों का रोपण कराएं और इसे वायुदूत एप में अपलोड कराएं। बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित अन्य स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में अग्रणी बैंक प्रबंधक विनय जायसवाल ने जिले के ऋण-जमा अनुपात, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, कालातीत बैंक खातों तथा आरसेटी की गतिविधियों की जानकारी दी। बैठक में आरबीआई के एलडीओ श्रीकांत शर्मा, जिला विकास अधिकारी नाबार्ड सरोज कुमार जैना सहित संबंधित विभागीय अधिकारी और बैंक शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *