स्थानीय निर्वाचन बहुत महत्वपूर्ण और संवेदनशील होता है – प्रेक्षक

स्थानीय निर्वाचन बहुत महत्वपूर्ण और संवेदनशील होता है – प्रेक्षक
मतदाता सूची में हर पात्र व्यक्ति का नाम शामिल कराएं – प्रेक्षक

रीवा 22 मई 2026. जिले भर में नगरीय निकायों तथा पंचायतराज संस्थाओं के निर्वाचन के लिए फोटोयुक्त मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक श्री अरूण पाण्डेय सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण की समीक्षा की। प्रेक्षक ने कहा कि निर्वाचन की शुद्धता का आधार मतदाता सूची होती है। पूरी पारदर्शिता के साथ मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य करें। हर पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल कराएं। आयोग के निर्देशों के अनुसार एसआईआर के बाद तैयार मतदाता सूची को इसका आधार बनाएं। एसआईआर के दौरान किसी कारणवश यदि पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से बाहर रह गया है तो आवेदन कराकर उसका नाम सूची में शामिल कराएं। पुनरीक्षण कार्य का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं जिससे हर पात्र मतदाता इसका लाभ ले सकें।

प्रेक्षक ने कहा कि अगले वर्ष पंचायतराज संस्थाओं तथा नगरीय निकायों के निर्वाचन होंगे। संक्षिप्त पुनरीक्षण के बाद तैयार मतदाता सूची उसका आधार बनेगी। सभी एसडीएम और तहसीलदार पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ पुनरीक्षण का कार्य पूरा कराएं। स्थानीय निर्वाचन बहुत महत्वपूर्ण और संवेदनशील होता है। उम्मीदवारों को एक-एक मतदाता की जानकारी होती है। मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के बाद नाम जोड़ने और हटाने के प्राप्त सभी आवेदन पत्रों को ऑनलाइन दर्ज कराकर निराकृत करें। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। मतदाता सूची के संबंध में दावे-आपत्तियाँ 25 मई तक प्राप्त की जाएंगी। अब तक प्राप्त आवेदन पत्रों को आज ही ऑनलाइन दर्ज कर दिया जाएगा। नगरीय निकायों में 1688 तथा ग्रामीण क्षेत्र में 5054 मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थान पर मिले हैं। इनके संबंध में समुचित कार्यवाही करके एक स्थान से मतदाता का नाम पृथक किया जा रहा है। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुधीर बेक ने मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए प्रथम चरण तथा द्वितीय चरण में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दावे आपत्तियों के निराकरण के बाद 18 जून को मतदाता सूची का अंतिम रूप से प्रकाशन कर दिया जाएगा। पुनरीक्षण के संबंध में जानकारी देने के लिए जिला और खण्ड स्तर पर स्टैंडिंग कमेटी की बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। प्रेक्षक मतदाता सूची पुनरीक्षण का जायजा लेने के लिए 26 मई तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे। बैठक में सभी रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *