कलेक्टर की उपस्थिति में पुस्तक मेले का हुआ शुभारंभ

दो दिवसीय पुस्तक मेले का हुआ शुभारंभ
एक ही स्थान पर छूट के साथ मिल रही हैं किताबें व स्टेशनरी सामग्री
कलेक्टर की उपस्थिति में पुस्तक मेले का हुआ शुभारंभ
रीवा 22 मार्च 2026. विद्यार्थियों को नई कक्षा में प्रवेश के लिये आवश्यक पुस्तकें स्टेशनरी, ड्रेस सहित अन्य सामग्री एक ही स्थान पर छूट के साथ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो दिवसीय पुस्तक मेले का कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने विद्यार्थियों के साथ शुभारंभ किया।
कृष्णा राजकपूर आडिटोरियम में 22 एवं 23 मार्च को आयोजित होने वाले पुस्तक विक्रेता अपने स्टाल लगाकर छूट के साथ सामग्री का विक्रय कर रहे हैं। कलेक्टर ने पुस्तक विक्रेताओं से कहा कि सभी विद्यालयों की किताबें पूरे सेट में मेले में ही दें तथा विद्यार्थियों व अभिभावकों को टोकन कदापि न दें। उन्होंने विक्रेताओं से अपेक्षा की कि मूल्य में अधिक से अधिक छूट दें। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि मेला स्थल में शिकायत पंजी संधारित करें तथा प्राप्त शिकायतों का शाम तक निराकरण किया जाना सुनिश्चित करायें। उन्होंने मेले के व्यवस्थित आयोजन के निर्देश देते हुए कहा कि अभिभावकों व विद्यार्थियों को परेशानी न हो। उल्लेखनीय है कि पुस्तक मेले में एक ही छत के नीचे विभिन्न विद्यालयों की किताबें, यूनिफार्म, स्टेशनरी सामग्री छूट के साथ सुगमता से उपलब्ध हो रही हैं। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने अभिभावकों व विद्यार्थियों से चर्चा कर पुस्तक मेले के विषय में जानकारी ली। बच्चों ने बताया कि उन्हें सभी किताबें एक ही जगह मिल रही हैं। अभिभावकों ने कहा कि किताबें, स्टेशनरी व यूनिफार्म लेने के लिये अलग-अलग दूकानों में नहीं जाना पड़ रहा है। एक ही जगह सभी सामग्री उपलब्ध है वह भी छूट के साथ। भ्रमण के दौरान सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, डिप्टी कलेक्टर सुरभि जैन, जिला शिक्षा अधिकारी रामराज मिश्र, सहायक संचालक राजेश मिश्रा डीपीसी राजेश तिवारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी अभिभावक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।