उप मुख्यमंत्री ने नववर्ष पर किया गौपूजन

उप मुख्यमंत्री ने नववर्ष पर किया गौपूजन
बसामन मामा गौवंश विहार में लगाया पीपल का पौधा
गोलोक दर्शन महोत्सव का किया शुभारंभ

रीवा 01 जनवरी 2026. नववर्ष के प्रथम दिवस पर उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में गौपूजन किया तथा गौमाता को गुड़ एवं गौग्रास खिलाया। उप मुख्यमंत्री ने भगवान श्री कृष्ण के दर्शन कर आशिर्वाद प्राप्त किया तथा प्रदेश वासियों के सुख समृद्धि की कामना। श्री शुक्ल ने रात्रि विश्राम के उपरांत नववर्ष की प्रभात बेला में गौमाताओं की सेवाकर आशिर्वाद लिया। उप मुख्यमंत्री ने बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में गोलोक दर्शन महोत्सव का शुभारंभ भी किया। गोलोक दर्शन में आमजन गौशाला का भ्रमण करते हुए गायों का पूजन कर सकते हैं।

उप मुख्यमंत्री ने बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में संचालित गतिविधियों एवं प्रचलित निर्माण कार्यों की समीक्षा की। प्रशासनिक भवन के सभागार में आयोजित बैठक में श्री शुक्ल ने बताया कि गौवंश वन्य विहार से लगी 16 एकड़ भूमि में पार्ट – टू गौशाला का निर्माण कराया जायेगा जहां दुधारू गाय तथा उन्नत नश्ल के गौवंश को संरक्षित रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि गतदिनों देश के गृहमंत्री श्री अमित शाह के गौवंश वन्य विहार में आगमन के उपरांत इस गौवंश वन्य विहार को और ऊंचाइयाँ मिलेंगी तथा इसे देश की सर्वोत्तम व आत्याधुनिक गौशाला बनाने का कार्य प्राथमिकता से होगा। उन्होंने गौवंश वन्य विहार में चारागाह विकास का कार्य प्रारंभ करने तथा वहां से उत्पन्न चारे को काटकर गौग्रास बनाते हुए गौशाला में भेजने के लिये व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। श्री शुक्ल ने गौवंश वन्य विहार की बाउंड्रीबाल बनाने तथा अन्य निर्माण कार्यों के लंबित भुगतान संबंधितों को कराये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने गौसेवकों का मानदेय वृद्धि का भी अनुमोदन किया। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि गौशाला में गोमूत्र संग्रहण की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करायें।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी फरवरी माह में बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में संत श्री राजेन्द्रदास जी की कथा का आयोजन कराया जायेगा। श्री राजेन्द्र दास जी महाराज गौकथा व प्राकृतिक खेती पर अपने उद्गार व्यक्त करेंगे। श्री शुक्ल ने संतो के आवास के लिये बनाये जाने वाले ऋषि कुलम का कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिये। उप मुख्यमंत्री ने प्रसादालय में जमीन पर बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी, एसडीएम दृष्टि जायसवाल डॉ. राजेश मिश्रा, राजेश पाण्डेय, श्री अभय जयरामदास, डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी, सीईओ हरिश्चन्द्र द्विवेदी सहित अधिकारी एवं गौशाला के संबद्ध जन उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *