अधिकारी हर दिन 4 से 5 बजे तक करें सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का निराकरण – कमिश्नर

अधिकारी हर दिन 4 से 5 बजे तक करें सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का निराकरण – कमिश्नर
सीएम हेल्पलाइन में 100 दिन से अधिक की सभी शिकायतें निराकृत करें – कमिश्नर
रीवा 23 अक्टूबर 2025. कमिश्नर बीएस जामोद ने कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। कमिश्नर ने कहा कि संभाग, जिला और विकासखण्ड स्तर के सभी अधिकारी प्रतिदिन 4 से 5 बजे तक सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का निराकरण करें। जब तक सभी प्रकरण निराकृत नहीं हो जाते तब तक प्रत्येक शनिवार को भी प्रकरणों का निराकरण करें। लंबित प्रकरणों में उचित कार्यवाही करके तथ्यपूर्ण प्रतिवेदन दर्ज कराएं। संभागीय अधिकारी भी प्रतिदिन लंबित प्रकरणों के कम से कम पाँच आवेदकों से फोन के माध्यम से स्वयं संपर्क करें। महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य विभाग, ऊर्जा विभाग, श्रम विभाग, राजस्व विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग तथा नगरीय निकाय लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें।
कमिश्नर ने कहा कि मांग आधारित आवेदनों में समुचित प्रतिवेदन दर्ज कर इन्हें बंद कराएं। बजट के अभाव में लंबित प्रकरणों के लिए तत्काल बजट की मांग करें। पीएचई तथा राजस्व विभाग के अधिकारी अभियान चलाकर हैण्डपंपों के अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों का निराकरण करें। संभागीय अधिकारी लंबित प्रकरणों के संबंध में अधीनस्थ जिलाधिकारी, विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी और मैदानी अधिकारियों से जानकारी लें। मैदानी अधिकारियों पर जिम्मेदारी निर्धारित करने पर ही प्रकरणों का निराकरण होगा। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्यवाही करें। अक्टूबर माह में सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय सेवकों के पेंशन प्रकरण तीन दिवस में ऑनलाइन और आफलाइन दर्ज कराएं।
बैठक में कमिश्नर ने कहा कि संयुक्त संचालक कृषि खाद और बीज की उपलब्धता तथा वितरण के संबंध में प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत करें। खाद के रैक प्राप्त होने की जानकारी किसानों तक पहुंचाएं। किसानों को डीएपी के स्थान पर वैकल्पिक खाद के उपयोग के लिए प्रेरित करें। कमिश्नर ने कहा कि सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगरीय निकायों में विशेष अभियान चलाकर बाजारों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कराएं। नालियों और खाली पड़े प्लाटों से भी कचरे का उठाव कराएं। लोक निर्माण विभाग, एनएचआई तथा मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के अधिकारी वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़क ओवर ब्रिाज तथा पुलों में सुधार का कार्य तत्काल शुरू कराएं। बेला से सतना रोड, बेला में सतना और रीवा रोड के जंक्शन तथा चित्रकूट रोड में सुधार का कार्य तत्काल कराएं। सड़क दुर्घटनाओं में मृत पशुओं को तत्काल सड़क से हटाने की व्यवस्था करें। सभी राजस्व अधिकारी धान, कोदो तथा सोयाबीन के उपार्जन के लिए पंजीकृत किसानों के रकबे का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करें।
बैठक में सहायक संचालक कृषि प्रीति द्विवेदी ने बताया कि संभाग में आगामी फसल के लिए 2.20 लाख क्विंटल बीज की मांग है। इसके विरूद्ध दो लाख 11 हजार क्विंटल बीज उपलब्ध हो गया है। इसका जनप्रतिनिधियों के माध्यम से किसानों को वितरण किया जाएगा। संभाग में 10122 टन यूरिया तथा 9200 टन डीएपी एवं 8465 टन एनपीके खाद उपलब्ध है। बैठक में मुख्य अभियंता ऊर्जा प्रमा पाण्डेय ने बताया कि चित्रकूट के लिए 33 केव्ही की नई लाइन बनाई जा रही है। इसमें 16 किलोमीटर क्षेत्र में वन भूमि से निर्माण कार्य की अनुमति के लिए ऑनलाइन आवेदन वन विभाग को किया गया है। बैठक में संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी, डीन मेडिकल कालेज डॉ सुनील अग्रवाल, अधीक्षण यंत्री पीएचई महेन्द्र सिंह, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे, अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा डॉ आरपी सिंह तथा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।