नीट परीक्षा के लिए सुरक्षा के समुचित प्रबंध करें – कलेक्टर

नीट परीक्षा के लिए सुरक्षा के समुचित प्रबंध करें – कलेक्टर
रीवा 17 जून 2026. कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने 21 जून को आयोजित होने वाली नीट प्रवेश परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि नीट परीक्षा के संबंध में शासन द्वारा दिए गए निर्देशों का कठोरता से पालन करते हुए सुरक्षा के समुचित प्रबंध करें। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के लिए कार्यपालिक दण्डाधिकारी और नोडल अधिकारी तैनात कर दिए गए हैं। परीक्षा केन्द्र के बाहर पुलिस और होमगार्ड्स द्वारा सुरक्षा की व्यवस्था की जाएगी। परीक्षा केन्द्र के अंदर सुरक्षा एजेंसी द्वारा जैमर तथा सीसीटीवी कैमरे लगाकर व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी। सभी केन्द्राध्यक्षों को परीक्षा संचालन के लिए सुचारू व्यवस्था की हिदायत दे दें। पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षा संपन्न कराएं।
कलेक्टर ने कहा कि नीट परीक्षा व्यवस्था में समन्वय के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम बना दिया गया है। व्यवस्था से जुड़े सभी अधिकारी कंट्रोल रूम से संपर्क में रहें। सभी अधिकारी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। रीवा में बैंक से प्रश्नपत्र परीक्षा केन्द्र तक ले जाने के लिए प्रत्येक केन्द्र के लिए अलग-अलग वाहन तैनात कर दिया है। प्रश्नपत्र सुरक्षा बलों की निगरानी में परीक्षा केन्द्र तक जाएंगे। पुलिस अधिकारी सुरक्षा एजेंसी से समन्वय बनाकर सुरक्षा की समुचित व्यवस्था करें। विद्यार्थियों को परीक्षा केन्द्र में किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। विद्यार्थियों के लिए परीक्षा केन्द्र में पानी, नाश्ते आदि की व्यवस्था कराएं। विद्यार्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों के बैठने के लिए भी व्यवस्था करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह ने बताया कि नीट परीक्षा के लिए 21 जून को यातायात व्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन के लिए पूरा प्लान बना दिया गया है। पुलिस और होमगार्ड्स के अधिकारी और जवान सुरक्षा में मुस्तैद रहेंगे। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र में महिला सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहेंगी। सभी नोडल अधिकारी पुलिस अधिकारियों से निरंतर संपर्क में रहें। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने नीट परीक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी। बैठक में डिप्टी कलेक्टर राकेश चौरसिया, होमगार्ड्स के अधिकारी, प्राचार्य केन्द्रीय विद्यालय, सुरक्षा एजेंसी के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।