जननी सुरक्षा योजना की लंबित राशि का दो दिवस में भुगतान कराएं – कलेक्टर

जननी सुरक्षा योजना की लंबित राशि का दो दिवस में भुगतान कराएं – कलेक्टर
रोगी कल्याण समिति की बैठक में कई प्रस्तावों को दी गई मंजूरी

रीवा 16 जून 2025. कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में रोगी कल्याण समिति की कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन जननी सुरक्षा योजना के हितग्राहियों की लांबित राशि का दो दिन में भुगतान कराएं। जिला अस्पताल में मेंटीनेंस एवं अन्य कार्य विभागीय मद से करें। रोगी कल्याण समिति को प्राप्त राशि तथा व्यय का पूरा विवरण समिति के समक्ष प्रस्तुत करें। जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं से जुड़े कार्य तत्परता से कराएं। निर्माण कार्यों तथा अन्य सामग्री व्यय के संबंध में बैठक में प्रस्ताव के साथ स्टीमेट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। कार्य की उपयोगिता के आधार पर ही उसे स्वीकृति दी जाएगी।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ प्रतिभा मिश्रा ने कार्यकारिणी समिति के एजेण्डा प्रस्ताव की जानकारी दी। बैठक में जिला चिकित्सालय के विद्युत सब स्टेशन में मेंटीनेंस कार्य, मुख्य गेट में नए काऊ कैचर के निर्माण जिला अस्पताल भवन में आवश्यक सुधार कार्य तथा जनरेटरों के मेंटीनेंस के कार्य को मंजूरी दी गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि डीजल के लिए आवश्यक राशि का रोगी कल्याण समिति से भुगतान किया जाए लेकिन नियमित बजट प्राप्त होने पर उसे रोगी कल्याण समिति में वापस किया जाए। बैठक में जिला चिकित्सालय की 48 दुकानों के किराये में 25 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव शुक्ला तथा कार्यकारिणी समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *