कृष्ण जन्माष्टमी हमें कर्मपथ और भक्ति का संदेश देती है – उप मुख्यमंत्री

उप मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण पर्व का किया शुभारंभ

कृष्ण जन्माष्टमी हमें कर्मपथ और भक्ति का संदेश देती है – उप मुख्यमंत्री
कृष्ण जन्मोत्सव में बघेली लोकगीतों और लोकनाट्य ने सबका मन मोहा

04 सितंबर 2026. उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने नगर निगम के टाउन हॉल में आयोजित श्रीकृष्ण पर्व का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का आयोजन संस्कृति विभाग, जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव हमें कर्मपथ पर चलने और भक्ति का संदेश देता है।भगवान कृष्ण ने धर्म की स्थापना और अधर्म का नाश करने के लिए बचपन से ही संघर्ष किया। उन्होंने गोवर्धन पर्वत उठाकर गायों की रक्षा की और अपने मामा कंस का वध करके मथुरा में अधर्म का नाश किया। महाभारत के महायुद्ध में श्री कृष्ण ने एक और जहां गीता का ज्ञान दिया वहीं दूसरी ओर अर्जुन को कर्म ज्ञान देकर अधर्म का नाश कराया। भगवान कृष्ण को गौ माता बहुत प्रिय हैं। इसलिए आज उनका जन्मोत्सव सबसे पहले बसावन मामा गौ अभ्यारण्य में मनाया गया। गौ माता के सेवकों के साथ कृष्ण जन्मोत्सव मना कर आनंद दस गुना हो गया। गौ माता में देवी देवताओं का वास होता है गौ माता का गोबर और गोमूत्र इतना पवित्र है कि पूजा में उपयोग किया जाता है। गौ माता ही प्राकृतिक खेती का आधार है जिस पर गौ माता की कृपा होगी उस पर भगवान कृष्ण की कृपा अवश्य होगी।

कृष्ण पर्व के भव्य कार्यक्रम में प्रसिद्ध बघेली लोक गायिका कल्याणी मिश्रा ने मनोहरी बघेली लोकगीत प्रस्तुत किए।उन्होंने गणेश वंदना से आरंभ करके परंपरागत बघेली जन्मोत्सव गीत सोहर और कजरी की प्रस्तुति दी। मधुर बघेली लोकगीतों ने सबका मन मोह लिया। इसके बाद कटनी से आई कलाकार आस्था सिजारिया एवं उनके दल ने भगवान कृष्ण की लीलाओं की मनोहारी नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। देर शाम तक दर्शकों ने नृत्य नाटिका का आनंद उठाया। बघेली लोकगीतों और कृष्ण की बाल लीलाओं ने सबको कृष्ण भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। समारोह में सांसद श्री जनार्दन मिश्र , विंध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति, विधायक मनगवां श्री नरेंद्र प्रजापति, विंध्य विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष नगर निगम श्री वेंकटेश पांडेय,  पाषर्द गण तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। समारोह में कमिश्नर शीलेंद्र सिंह, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन, सीईओ जिला पंचायत सृष्टि देशमुख, अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी तथा अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *