प्रशासनिक निर्णयों में न हो देरी, सभी औपचारिकताएं समय से करें पूर्ण – उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

प्रशासनिक निर्णयों में न हो देरी, सभी औपचारिकताएं समय से करें पूर्ण उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल
विभागीय भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा की

रीवा 08 जनवरी 2025.उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन आयोग और लोक सेवा आयोग के माध्यम से जारी भर्ती प्रक्रियाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशासनिक निर्णयों में किसी प्रकार की देरी न हो और सभी औपचारिकताएं समय पर पूर्ण की जाएं। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने आईपीएचएस मानकों के अनुरूप नवीन स्वीकृत पदों, नवीन स्वास्थ्य संस्थाओं और उन्नत स्वास्थ्य संस्थाओं में रिक्तियों की पूर्ति की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नर्सिंग भर्ती और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की प्रक्रिया को तीव्र गति से आगे बढ़ाया जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त किया जा सके। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने मंत्रालय, भोपाल में स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया और पैरामेडिकल काउंसिल की गतिविधियों की वृहद समीक्षा की।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने सीधी भर्ती के साथ-साथ पदोन्नति के पदों पर रिक्तियों को शीघ्र भरने पर विमर्श किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त मैनपॉवर आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानव संसाधनों का सही उपयोग सुनिश्चित कर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएं। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने पैरामेडिकल संस्थानों की मान्यता प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की और नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बताया गया कि वर्ष 2022-23 के पैरामेडिकल छात्रों की परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं और उनके परिणाम भी जारी कर दिए गए हैं। प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्री संदीप यादव, आयुक्त स्वास्थ्य श्री तरुण राठी, संचालक स्वास्थ्य श्री दिनेश श्रीवास्तव, संचालक स्थापना श्रीमती मल्लिका नागर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *