आयुष्मान भारत योजना से रीढ़ की टूटी हड्डी का नि:शुल्क हुआ ऑपरेशन

रीवा 21 जनवरी 2023. आयुष्मान भारत योजना गंभीर रोगों के इलाज के लिए वरदान साबित हो रही है। सुपरस्पेशलिटी अस्पताल रीवा में इस योजना के तहत मरीज की रीढ़ की हड्डी का नि:शुल्क ऑपरेशन किया गया। रीवा जिले के 17 वर्षीय मरीज को पेड़ से गिरने के कारण गंभीर चोट लग गयी थी जिससे उनकी गर्दन से जुड़ी हुई रीढ़ की हड्डी टूट गयी थी तथा वह चलने में असमर्थ थे। अगर सही समय में समुचित उपचार न होता तो उनकी यह चोट जानलेवा हो सकती थी और उनके दोनों हाथों व पैरों में लकवा हो सकता था। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के न्यूरो सर्जरी विभाग के डॉक्टर कार्तिकेय शुक्ला ने जटिल ऑपरेशन कर टूटी हुई रीढ की हड्डी को जोड़ दिया और अब मरीज स्वयं चल फिर पा रहे हैं। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अक्षय श्रीवास्तव ने बताया कि विभागाध्यक्ष डॉ. रंजीत झा, डॉ पंकज सिंह, डॉ. ऋषि गर्ग सहित पूरी टीम ने सफलतापूर्वक आपरेशन किया। रीवा में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के संचालित होने से ऐसे जटिल आपरेशन एवं गंभीर रोगों की चिकित्सा संभव हो पा रही है साथ ही इन मरीजों को आयुष्मान भारत योजना से नि:शुल्क इलाज की सुविधा वरदान साबित हो रही है।

Facebook Comments Box